टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स का तमिलनाडु संयंत्र शुरू, 9,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स का तमिलनाडु संयंत्र शुरू, 9,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी
नयी दिल्ली, नौ फरवरी (भाषा) टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स (टीएमपीवी) ने सोमवार को कहा कि वह तमिलनाडु स्थित अपनी विनिर्माण इकाई में नौ हजार करोड़ रुपये का निवेश करेगी। कंपनी का लक्ष्य अगले पांच से सात साल में अपनी कुल उत्पादन क्षमता को बढ़ाकर 2.5 लाख इकाई सालाना करना है ताकि घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों की मांग को पूरा किया जा सके।
कंपनी और उसकी अनुषंगी इकाई जगुआर लैंड रोवर ऑटोमोटिव पीएलसी (जेएलआर) ने तमिलनाडु के रानीपेट जिले के पनपक्कम स्थित संयंत्र में परिचालन शुरू करने की घोषणा की।
टीएमपीवी ने बयान में कहा कि यह सुविधा अगली पीढ़ी के वाहनों (ईवी सहित) के उत्पादन के लिए एक नये संयंत्र के विकास के पहले चरण को दर्शाती है। यह संयंत्र टीएमपीवी और जेएलआर दोनों ब्रांड के लिए वाहन तैयार करेगा।
कंपनी ने बताया कि इस संयंत्र से निकलने वाला पहला वाहन जेएलआर का स्थानीय स्तर पर निर्मित ‘रेंज रोवर इवोक’ है।
बयान के अनुसार, परिचालन शुरू होने के साथ ही वाहन उत्पादन को चरणबद्ध तरीके से बढ़ाया जाएगा। अगले पांच से सात वर्षों में इसे 2.5 लाख वाहनों की पूर्ण वार्षिक क्षमता तक पहुंचाया जाएगा, जो भारतीय और अंतरराष्ट्रीय दोनों बाजारों की जरूरतों को पूरा करेगा।
कंपनी ने कहा, ‘‘कुल मिलाकर, टीएमपीवी अपनी दीर्घकालिक विकास महत्वाकांक्षाओं को समर्थन देने के लिए इस अत्याधुनिक विनिर्माण संयंत्र में नौ हजार करोड़ रुपये निवेश करने का इरादा रखती है।’’
टाटा संस और टीएमपीवी के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने कहा, ‘‘पनपक्कम संयंत्र का उद्घाटन टिकाऊ और भविष्य के लिए तैयार विनिर्माण में भारत के नेतृत्व को गति देने की टाटा समूह की यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। हमें तमिलनाडु के साथ अपनी दीर्घकालिक साझेदारी को और गहरा करने पर गर्व है।’’
उन्होंने कहा कि इस संयंत्र के माध्यम से कंपनी भारत और दुनिया भर के ग्राहकों के लिए उत्कृष्ट गुणवत्ता, शिल्प कौशल और प्रौद्योगिकी वाले वाहनों का उत्पादन करने के लिए तत्पर है।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने इस अवसर पर कहा, ‘‘टाटा समूह ने राष्ट्र निर्माण में हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और तमिलनाडु के साथ इसकी गहरी ऐतिहासिक साझेदारी है। इस नयी विनिर्माण सुविधा में परिचालन शुरू होने और रानीपेट के पनपक्कम में पहली ‘रेंज रोवर इवोक’ के उत्पादन के साथ, राज्य को विश्वस्तरीय वाहन विनिर्माण के विस्तार का गवाह बनने पर गर्व है।’’
स्टालिन ने कहा कि राज्य इस महत्वपूर्ण उपलब्धि का स्वागत करता है और उन उद्योगों को समर्थन देने के लिए प्रतिबद्ध है जो रोजगार पैदा करते हैं और नवाचार को बढ़ावा देते हैं।
भाषा सुमित अजय
अजय

Facebook


