टीसीएस और विप्रो ने पश्चिम एशिया के लिए यात्राएं स्थगित की, नैसकॉम की घर से काम करने की सलाह
टीसीएस और विप्रो ने पश्चिम एशिया के लिए यात्राएं स्थगित की, नैसकॉम की घर से काम करने की सलाह
नयी दिल्ली, दो मार्च (भाषा) टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और विप्रो सहित भारतीय आईटी क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों ने पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के मद्देनजर अपने कर्मचारियों की पश्चिम एशियाई देशों की यात्राएं स्थगित कर दी हैं और सुरक्षा संबंधी परामर्श जारी किये है।
उद्योग संगठन नैसकॉम ने भी सदस्य कंपनियों से प्रभावित क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारियों के लिए घर से काम (डब्ल्यूएफएच) की व्यवस्था लागू करने का आग्रह किया है। पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के बाद कई खाड़ी देशों के हवाई क्षेत्र के बंद रहने के कारण यह कदम उठाया गया है।
देश की सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर सेवा निर्यातक कंपनी टीसीएस ने एक बयान में कहा कि उसने पश्चिम एशिया क्षेत्र से आने-जाने वाली सभी यात्राएं स्थगित कर दी हैं।
टीसीएस ने कहा, ‘‘पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष को देखते हुए, हमारे सभी सहयोगियों को घर के अंदर रहने, गैर-जरूरी यात्रा से बचने और स्थानीय अधिकारियों द्वारा जारी निर्देशों का सख्ती से पालन करने की सलाह दी गई है।’’
कंपनी के पश्चिम एशिया और अफ्रीका (एमईए) क्षेत्र में 9,000 से अधिक कर्मचारी हैं।
विप्रो ने भी संयुक्त अरब अमीरात, कतर और सऊदी अरब सहित लगभग 10-11 प्रभावित देशों के लिए यात्रा को लेकर परामर्श जारी किया है।
मामले से जुड़े लोगों के अनुसार, कंपनी ने इस क्षेत्र में अपने सैकड़ों कर्मचारियों को आवागमन संबंधी स्थानीय सरकारी दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करने की सलाह दी है।
विप्रो की पश्चिम एशिया में महत्वपूर्ण उपस्थिति है और अबू धाबी, दुबई, मस्कट (ओमान), दोहा (कतर), इस्तांबुल (तुर्की), अल सीफ (बहरीन) और सऊदी अरब के कई प्रमुख शहरों… रियाद, अल खोबार और जुबैल में इसके प्रमुख क्षेत्रीय केंद्र हैं।
उद्योग निकाय नैसकॉम ने अपनी सदस्य कंपनियों को पश्चिम एशिया के प्रभावित हिस्सों की यात्रा से बचने की सलाह दी है और उनसे आग्रह किया है कि वे बढ़ते तनाव के बीच क्षेत्र में कार्यरत कर्मचारियों के लिए घर से काम (डब्ल्यूएफएच) की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
एक बयान में नेशनल एसोसिएशन ऑफ सॉफ्टवेयर एंड सर्विस कंपनीज (नैसकॉम) ने कहा कि वह घटनाक्रम पर बारीकी से नजर रख रहा है और कर्मचारियों की सुरक्षा उद्योग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
नैसकॉम ने कहा, ‘‘एहतियाती उपाय के तौर पर नैसकॉम ने सदस्य कंपनियों को प्रभावित क्षेत्रों की यात्रा स्थगित करने की सलाह दी है। साथ ही सदस्य कंपनियों को यह भी सलाह दी गई है कि वे क्षेत्र में मौजूद कर्मचारियों के लिए घर से काम करने की व्यवस्था करें।’’
भाषा रमण अजय
अजय

Facebook


