दूरसंचार टावर विनिर्माताओं ने एलपीजी आपूर्ति रुकने पर जताई चिंता
दूरसंचार टावर विनिर्माताओं ने एलपीजी आपूर्ति रुकने पर जताई चिंता
नयी दिल्ली, 10 मार्च (भाषा) देश में एलपीजी आपूर्ति बंद होने को लेकर दूरसंचार टावर विनिर्माण क्षेत्र की कंपनियों का कहना है कि इससे मोबाइल और इंटरनेट सेवाओं की निरंतरता प्रभावित हो सकती है।
डिजिटल बुनियादी ढांचा उद्योग संगठन डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोवाइडर्स एसोसिएशन (डीआईपीए) ने कहा कि सरकार के आदेश के बाद पेट्रोलियम कंपनियों ने दूरसंचार टावर विनिर्माण कंपनियों को एलपीजी की आपूर्ति बंद कर दी है।
सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियों को निर्देश दिया है कि एलपीजी की आपूर्ति फिलहाल केवल घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर की जाए।
डीआईपीए ने कहा कि वर्तमान भू-राजनीतिक परिस्थितियों और ईंधन संकट के कारण मोबाइल और इंटरनेट सेवाओं की निरंतरता प्रभावित होने की आशंका है। इस मामले में संगठन ने दूरसंचार सचिव अमित अग्रवाल से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
संगठन के अनुसार, पांच मार्च, 2026 से दूरसंचार टावर निर्माण कंपनियों को तेल विपणन कंपनियों द्वारा एलपीजी की आपूर्ति बंद कर दी गई है। इससे टावर निर्माण इकाइयों के सामने गंभीर परिचालन समस्या खड़ी हो गई है।
डीआईपीए ने चेतावनी दी कि अगर यह स्थिति लंबे समय तक बनी रही तो संयंत्रों को पूरी तरह उत्पादन बंद करना पड़ सकता है। ऐसे संयंत्रों को दोबारा शुरू करने में काफी समय लगता है, जिससे टावर विनिर्माण लंबे समय तक प्रभावित हो सकता है।
संगठन ने कहा कि एलपीजी या एलएनजी की आपूर्ति बंद रहने से दूरसंचार टावर निर्माण की आपूर्ति श्रृंखला प्रभावित हो सकती है और नए टावर लगाने की योजनाओं में देरी हो सकती है। इससे खासकर उन क्षेत्रों में नेटवर्क विस्तार प्रभावित होगा जहां अभी पहुंच कम है या क्षमता की कमी है।
डीआईपीए के सदस्यों में इंडस टावर्स, एसेंड टेलीकॉम इन्फ्रास्ट्रक्चर, वोडाफोन आइडिया और जेंटारी इंडिया जैसी कंपनियां शामिल हैं।
भाषा योगेश अजय
अजय

Facebook


