मेटा की टीम से अनुपालन, एल्गोरिद्म, सुरक्षा उपायों पर सरकार कर रही सवाल
मेटा की टीम से अनुपालन, एल्गोरिद्म, सुरक्षा उपायों पर सरकार कर रही सवाल
नयी दिल्ली, छह अगस्त (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की फेसबुक पोस्ट को थोड़ी देर के लिए हटाए जाने के मामले में सरकार प्रौद्योगिकी कंपनी मेटा के अधिकारियों की टीम से यह पूछताछ कर रही है कि कंपनी भारतीय कानूनों का पालन कर रही है या नहीं। आधिकारिक सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों के मुताबिक, सरकार और मेटा की वैश्विक टीम के बीच इस मुद्दे पर बातचीत अब भी जारी है।
इस दौरान मेटा के अधिकारियों से कंपनी के एल्गोरिद्म, अनुपालन व्यवस्था में पर्याप्त संतुलन एवं नियंत्रण और संवैधानिक व कानूनी प्रावधानों को पूरा करने के लिए सुरक्षा उपायों के बारे में भी सवाल किए जाएंगे।
सूत्रों ने बताया कि सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव बृहस्पतिवार को मेटा की वैश्विक टीम से मुलाकात कर रहे हैं और इसके बाद मंत्रालय की तकनीकी टीमों के साथ बातचीत आगे भी जारी रहेगी।
इससे पहले, अमेरिका स्थित इस प्रौद्योगिकी कंपनी ने मोदी की फेसबुक पोस्ट हटाए जाने की घटना पर माफी मांगी थीं। साथ ही, बाल यौन शोषण से संबंधित सामग्री, डीपफेक और भुगतान के बदले कुछ सामग्री को बढ़ावा देने जैसे मुद्दों पर भी चूक स्वीकार की थी।
मेटा के वैश्विक मामलों के प्रमुख जोएल कैपलन ने एक लिखित बयान में कहा था कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की पोस्ट पर लगे प्रतिबंध की त्रुटि के लिए मंत्री से माफी मांगी।
हालांकि, सरकारी सूत्रों का कहना है कि मेटा की तरफ से यह माफी कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) मार्क जुकरबर्ग की ओर से आई थी।
प्रधानमंत्री मोदी की फेसबुक पर साझा की गई एक पोस्ट को कुछ देर के लिए हटा दिया गया था। हालांकि, कुछ समय बाद ही मेटा ने इस पोस्ट को तकनीकी चूक बताते हुए बहाल कर दिया था।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय

Facebook


