रुपया शुरुआती कारोबार में 17 पैसे टूटकर 95.35 प्रति डॉलर पर
रुपया शुरुआती कारोबार में 17 पैसे टूटकर 95.35 प्रति डॉलर पर
मुंबई, आठ जून (भाषा) रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में 17 पैसे टूटकर 95.35 प्रति डॉलर पर आ गया। वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच विदेशी बाजार में डॉलर की मजबूती के कारण घरेलू मुद्रा पर दबाव है।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि ब्रेंट कच्चे तेल की ऊंची कीमतों ने निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया। ईरान के इजराइल की ओर कई मिसाइलें दागने से कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आया है जिससे क्षेत्र की स्थिरता एवं युद्धविराम प्रयासों को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.35 प्रति डॉलर पर खुला जो पिछले बंद भाव से 17 पैसे कमजोर है।
रुपया शुक्रवार को 56 पैसे मजबूत होकर 95.18 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था, जो लगभग दो महीनों में इसकी सबसे बड़ी एक-दिवसीय बढ़त थी। केंद्रीय बैंक के विदेशी पूंजी प्रवाह को समर्थन देने और विदेशी मुद्रा नकदी मजबूत करने के उपायों की घोषणा के बाद यह बढ़त आई थी।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.42 प्रतिशत की बढ़त के साथ 95.33 पर रहा।
घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 724.95 अंक टूटकर 73,518.39 अंक पर जबकि निफ्टी 222.45 अंक फिसलकर 23,138.60 अंक पर पहुंच गया।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 3.43 प्रतिशत की बढ़त के साथ 96.28 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) शुक्रवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 8,776.25 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
भाषा निहारिका
निहारिका

Facebook


