भारतीय ध्वज वाले तीन तेल टैंकर हॉर्मुज जलडमरूमध्य पार कर भारत रवाना
भारतीय ध्वज वाले तीन तेल टैंकर हॉर्मुज जलडमरूमध्य पार कर भारत रवाना
नयी दिल्ली, 20 जून (भाषा) केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने शनिवार को बताया कि भारत के ध्वज वाले कच्चे तेल के तीन टैंकर 94 भारतीय चालक दल के सदस्यों के साथ हॉर्मुज जलडमरूमध्य पार कर भारत की ओर रवाना हो गए हैं।
इन जहाजों में 8.6 लाख टन से अधिक कच्चा तेल लदा हुआ है।
उन्होंने बताया कि ‘देश वैभव’, ‘देश विभोर’ और ‘सनमार हेराल्ड’ नामक तीनों टैंकर के 24 जून से एक जुलाई के बीच भारत पहुंचने की संभावना है।
‘देश वैभव’ के 24 जून को वाडीनार बंदरगाह पहुंचने की संभावना है, जबकि ‘देश विभोर’ के उसी दिन सिक्का बंदरगाह पहुंचने की उम्मीद है। तीसरा भारतीय ध्वज वाला तेल टैंकर ‘सनमार हेराल्ड’, जिसने शनिवार को हॉर्मुज जलडमरूमध्य पार किया, एक जुलाई को पारादीप बंदरगाह पहुंच सकता है।
केंद्रीय मंत्री सोनोवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘भारत के ध्वज वाले तीन कच्चे तेल के टैंकर…‘देश वैभव’, ‘देश विभोर’ और ‘सनमार हेराल्ड’ 94 भारतीय चालक दल के सदस्यों के साथ 8.6 लाख टन से अधिक माल लेकर आज हॉर्मुज जलडमरूमध्य को सफलतापूर्वक पार कर चुके हैं और अब भारत की ओर प्रस्थान कर रहे हैं।’
उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्णायक नेतृत्व में सरकार भारत के समुद्री हितों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता पर सुनिश्चित करने के लिए कार्य कर रही है। मंत्रालय सभी संबंधित एजेंसियों के साथ सक्रिय समन्वय कर रहा है ताकि भारतीय नाविकों और देश की ऊर्जा आपूर्ति व्यवस्था की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
भाषा योगेश रमण
रमण
रमण

Facebook


