ट्राई वोडाफोन आइडिया के खिलाफ आई शिकायतों की जांच करेगाः लाहोटी
ट्राई वोडाफोन आइडिया के खिलाफ आई शिकायतों की जांच करेगाः लाहोटी
नयी दिल्ली, 14 सितंबर (भाषा) दूरसंचार ग्राहकों को अपने नेटवर्क पर आने के लिए वोडाफोन आइडिया पर कथित तौर पर प्रोत्साहित करने के आरोपों के बीच दूरसंचार नियामक ट्राई के चेयरमैन ए के लाहोटी ने सोमवार को कहा कि इस बारे में दूरसंचार कंपनियों से मिले प्रतिवेदनों की जांच की जाएगी।
लाहोटी ने ‘सेल्युलर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया’ (सीओएआई) के एक कार्यक्रम से इतर कहा कि जब भी किसी दूरसंचार कंपनी की ओर से कोई प्रतिवेदन मिलता है, तो नियामक उसकी जांच करता है।
उन्होंने कहा, “उन्होंने (दूरसंचार कंपनियों ने) एक-दूसरे के खिलाफ कुछ चिंताएं जताई हैं। हमारे सामने जो भी मामला आया है, हम उसकी जांच करेंगे।”
यह पूछे जाने पर कि क्या भारती एयरटेल और रिलायंस जियो द्वारा वोडाफोन आइडिया के खिलाफ उठाए गए मुद्दे की जांच हो रही है, लाहोटी ने यह स्पष्ट नहीं किया कि क्या विस्तृत चर्चा या आगे की पूछताछ के लिए तीनों कंपनियों को बुलाया जाएगा।
हाल में एक दूरसंचार कंपनी ने भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) से संपर्क कर आरोप लगाया था कि वोडाफोन आइडिया अपने नेटवर्क पर मोबाइल कनेक्शन पोर्ट कराने वाले ग्राहकों के लिए शुल्क लाभ से जुड़े प्रचार को प्रसारित कर रही है।
शिकायतकर्ता ने अपने पत्र में ट्राई के पिछले रुख का हवाला देते हुए कहा है कि किसी अन्य नेटवर्क से पोर्ट होकर आने वाले ग्राहकों को विशेष या अलग शुल्क लाभ देना स्वीकार्य नहीं है और यह ग्राहकों को नेटवर्क बदलने के लिए प्रोत्साहन देने के समान है।
पत्र में ट्राई से वोडाफोन आइडिया को ऐसे प्रचार संदेशों का प्रसार तत्काल रोकने तथा पोर्टिंग को शुल्क लाभ से जोड़ने वाले सभी विज्ञापनों, अभियानों और बिक्री गतिविधियों को वापस लेने की पुष्टि करते हुए अनुपालन रिपोर्ट देने का निर्देश देने का भी अनुरोध किया गया था।
वोडाफोन आइडिया के प्रवक्ता ने इस बारे में पीटीआई-भाषा के सवाल पर कहा, “हमारा मानना है कि निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा, हमारे उत्पादों की मजबूती और ग्राहकों को दिए जाने वाले मूल्य महत्वपूर्ण हैं। हम हर समय कानून के अनुपालन में अपना कारोबार करते हैं।”
हालांकि, इस मामले पर एयरटेल और जियो से तत्काल प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय

Facebook


