ट्रंप ने घंटी बजाकर वॉल स्ट्रीट में कारोबार की शुरुआत की
ट्रंप ने घंटी बजाकर वॉल स्ट्रीट में कारोबार की शुरुआत की
वाशिंगटन, छह जुलाई (एपी) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को ओवल ऑफिस स्थित अपने कार्यालय से न्यूयॉर्क स्टॉक एक्सचेंज और नैस्डैक में कारोबार की शुरुआत की घंटी बजाई।
ट्रंप ने यह कदम बढ़ती मुद्रास्फीति के बीच अपनी आर्थिक नीतियों को लेकर कमजोर होते जनसमर्थन के बीच उठाया है। जून में आए एपी-नॉर्क सेंटर के एक सर्वेक्षण के मुताबिक, 33 प्रतिशत अमेरिकी वयस्क ही ट्रंप की आर्थिक नीतियों से सहमत हैं।
शेयर बाजार में कारोबारी सत्र की शुरुआत के प्रतीक के तौर पर ट्रंप ने व्हाइट हाउस स्थित ओवल ऑफिस में घंटी बजाई। कारोबार की शुरुआत के बाद ट्रंप ने कहा, “मुझे लगता है कि बाजार में तेज वृद्धि होगी।”
इस दौरान ‘ट्रंप अकाउंट्स’ योजना को भी प्रोत्साहित किया गया, जिसके तहत 2025 के कर एवं व्यय कटौती कानून में बच्चों के लिए शेयर सूचकांकों में निवेश का प्रावधान किया गया है।
वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा कि 38 प्रतिशत अमेरिकी परिवारों का शेयर बाजार में कोई प्रत्यक्ष निवेश नहीं है।
ट्रंप ने कहा कि शेयर में निवेश से भविष्य की पीढ़ियों की अर्थव्यवस्था में भागीदारी बढ़ेगी, लेकिन ‘ट्रंप अकाउंट्स’ शुरू करने में देरी से बच्चों को अब तक की तेजी का लाभ नहीं मिला है। उन्होंने कहा, “हमें तेजी से कदम उठाना चाहिए था।”
अमेरिकी शेयर बाजार के एसएंडपी 500 सूचकांक में 2025 के दौरान 17.9 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई, जबकि 2024 और 2023 में यह क्रमशः 25 प्रतिशत और 26.3 प्रतिशत बढ़ा था। चालू वर्ष में अब तक सूचकांक करीब 10 प्रतिशत ऊपर है।
हालांकि, मुद्रास्फीति दर ऊंची बनी हुई है। उपभोक्ता मूल्य सूचकांक पिछले 12 महीनों में 4.2 प्रतिशत बढ़ा है, जो जनवरी, 2025 में ट्रंप के दूसरे कार्यकाल की शुरुआत के समय तीन प्रतिशत था।
एपी प्रेम
प्रेम अजय
अजय

Facebook


