ग्रेटर नोएडा में अटकी आवास परियोजना पूरी करने को हवेलिया ग्रुप को मिली यूपी-रेरा की मंजूरी
ग्रेटर नोएडा में अटकी आवास परियोजना पूरी करने को हवेलिया ग्रुप को मिली यूपी-रेरा की मंजूरी
नयी दिल्ली, 12 अप्रैल (भाषा) रियल एस्टेट कंपनी हवेलिया ग्रुप ग्रेटर नोएडा में 22 एकड़ की अटकी आवासीय परियोजना को पूरा करने के लिए 770 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।
इस परियोजना को उत्तर प्रदेश रियल एस्टेट नियामक प्राधिकरण से मंजूरी मिल गई है।
कंपनी द्वारा इस रुकी परियोजना का काम संभालने से 2,000 से अधिक ऐसे घर खरीदारों को राहत मिलेगी, जिनका निवेश कई वर्षों से फंसा हुआ है।
हवेलिया ग्रुप ने वर्ष 2023 में एसजेपी इन्फ्राकॉन की ‘श्री राधा स्काई गार्डंस’ परियोजना को पूरा करने के लिए उसके मौजूदा प्रवर्तक के साथ समझौता किया था।
इसके बाद कंपनी ने इस परियोजना में सह-प्रवर्तक बनने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार से अनुमति मांगी थी।
कंपनी ने एक बयान में कहा कि उसे अब इस परियोजना को पूरा करने के लिए उत्तर प्रदेश भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) से मंजूरी मिल गई है। कंपनी इस परियोजना में 770 करोड़ रुपये का निवेश करेगी और निर्धारित समय सीमा में सभी 2,064 आवासीय इकाइयों को पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
हवेलिया समूह के प्रबंध निदेशक निखिल हवेलिया ने कहा कि यह पहल लंबे समय से रुकी परियोजनाओं को फिर खड़ा करने और घर खरीदारों में विश्वास बहाल करने की दिशा में कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
भाषा योगेश अजय
अजय

Facebook


