गूगल, अन्य कंपनियों के साथ एमओयू से पूर्वांचल और बुंदेलखंड के किसानों की आय बढ़ेगी : मुख्यमंत्री
गूगल, अन्य कंपनियों के साथ एमओयू से पूर्वांचल और बुंदेलखंड के किसानों की आय बढ़ेगी : मुख्यमंत्री
लखनऊ, 26 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश में किसानों की उत्पादकता और आमदनी में वृद्धि के लिये बुधवार को गूगल तथा आईटीसी समेत प्रमुख कंपनियों के साथ करारनामों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किये गये।
राज्य सरकार द्वारा जारी बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में गूगल एवं ग्लोबल एंड नेटवर्क फॉर ह्यूमैनिटी, आईटीसी और एक्वाब्रिज के साथ विश्व बैंक द्वारा वित्तपोषित उत्तर प्रदेश एग्रीकल्चर ग्रोथ एंड रूरल एंटरप्राइज इकोसिस्टम स्ट्रेंथनिंग (यूपी-एग्रीज) परियोजना के तहत यूपीडीएएसपी (उत्तर प्रदेश विविधीकृत कृषि सहायता परियोजना) के साथ ये एमओयू किये गये।
अधिकारियों के मुताबिक, इन एमओयू का लक्ष्य सिर्फ कृषि उत्पादन बढ़ाना नहीं बल्कि किसान की आय, खेती की जलवायु अनुकूलन क्षमता को मूल्यवर्द्धन तथा ग्रामीण उद्यमिता को एक साथ मजबूत करना भी है।
उन्होंने बताया कि ये एमओयू पूर्वी उत्तर प्रदेश के 21 तथा बुंदेलखंड के सात जिलों में कृषि उत्पादकता व अन्नदाताओं की आय में वृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
आदित्यनाथ ने कहा कि यूपीएग्रीज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और विश्व बैंक के अध्यक्ष के दृष्टिकोण के अनुरूप उत्तर प्रदेश में धरातल पर कार्य करते दिख रहा है और ये एमओयू उसी कड़ी को मजबूत तरीके से बढ़ाने के लिए किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग चार हजार करोड़ रुपये की विश्व बैंक समर्थित इस परियोजना का केंद्र पूर्वी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड पर है, जहां बदलाव की जरूरत के साथ-साथ व्यापक संभावनाएं हैं।
उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों को पिछड़ेपन का पर्याय मानकर दशकों तक उपेक्षित छोड़ दिया गया था, आज वही क्षेत्र सरकार की प्राथमिकता व प्रदेश की उत्पादकता का आधार भी बन रहा है।
आदित्यनाथ ने कहा, ”हम पूर्वी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड के 28 जिलों के 123 विकास खंडों में इस परियोजना को लागू कर रहे हैं। इसका लक्ष्य लगभग छह लाख हेक्टेयर क्षेत्र को लेते हुए 10 लाख किसानों, 35 हजार मत्स्य उत्पादक किसानों व तीन लाख महिलाओं को लाभ पहुंचाना है।”
भाषा सलीम रवि कांत अजय
अजय

Facebook


