वेदांता की प्रवर्तक कंपनी ने करीब 7.3 करोड़ शेयर 2,149 करोड़ रुपये में बेचे

वेदांता की प्रवर्तक कंपनी ने करीब 7.3 करोड़ शेयर 2,149 करोड़ रुपये में बेचे

वेदांता की प्रवर्तक कंपनी ने करीब 7.3 करोड़ शेयर 2,149 करोड़ रुपये में बेचे
Modified Date: June 23, 2026 / 06:51 pm IST
Published Date: June 23, 2026 6:51 pm IST

नयी दिल्ली, 23 जून (भाषा) वेदांता समूह की प्रवर्तक कंपनी ट्विन स्टार होल्डिंग्स ने मंगलवार को थोक लेनदेन में वेदांता लिमिटेड के करीब 7.3 करोड़ शेयर 2,149 करोड़ रुपये में बेच दिए।

जानकार सूत्रों ने कहा कि इस सौदे से प्राप्त राशि का उपयोग मूल कंपनी वेदांता रिसोर्सेज लिमिटेड (वीआरएल) का कर्ज घटाने में किया जाएगा।

सूत्रों के मुताबिक, वेदांता लिमिटेड के शेयर 292 रुपये प्रति शेयर के भाव पर बेचे गए और यह लेनदेन समूह की होल्डिंग कंपनी के स्तर पर कर्ज घटाने की व्यापक रणनीति का हिस्सा है।

हिस्सेदारी बिक्री के बाद ट्विन स्टार की वेदांता लिमिटेड में हिस्सेदारी करीब 40 प्रतिशत रह गई है, जबकि कुल प्रवर्तक हिस्सेदारी लगभग 56 प्रतिशत बनी हुई है।

हालांकि, वेदांता ने इस थोक शेयर बिक्री पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

अरबपति अनिल अग्रवाल के नेतृत्व वाले वेदांता समूह की यह हिस्सेदारी बिक्री ऐसे समय में हुई है, जब समूह वेदांता रिसोर्सेज के बही-खाते को सरल बनाने और पुनर्वित्त जोखिम को कम करने की दिशा में काम कर रहा है।

सूत्रों ने कहा कि वीआरएल अब अलग-अलग छोटे कर्ज प्रबंधन उपायों के बजाय एकीकृत पुनर्वित्त योजना पर विचार कर रही है, जिससे बड़े एकमुश्त भुगतान की जगह लंबी अवधि में किस्तों के जरिये भुगतान संभव हो सके।

सूत्रों के मुताबिक, पिछले चार वर्षों में वीआरएल का शुद्ध कर्ज घटकर करीब 5.2 अरब डॉलर रह गया है जो पहले लगभग 9.7 अरब डॉलर था।

वहीं, वेदांता लिमिटेड का शुद्ध कर्ज एवं कर-पूर्व आय (ईबीआईटीडीए) का अनुपात मार्च, 2026 तक घटकर 0.95 गुना रह गया, जो एक साल पहले 1.22 गुना था।

उन्होंने कहा कि वेदांता समूह के विविध कारोबार को अलग-अलग कंपनियों में विभाजित करने से उसकी पूंजी संरचना और पुनर्गठित हो सकती है। इससे कारोबारी इकाइयां अपने बही-खाते और वित्तपोषण जरूरतों का स्वतंत्र रूप से प्रबंधन कर सकेंगी।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय


लेखक के बारे में