विवेक कटोच इंडियन डायरेक्ट सेलिंग एसोसिएशन के नये अध्यक्ष, हरीश पंत बने उपाध्यक्ष
विवेक कटोच इंडियन डायरेक्ट सेलिंग एसोसिएशन के नये अध्यक्ष, हरीश पंत बने उपाध्यक्ष
नयी दिल्ली, 22 सितंबर (भाषा) ग्राहकों को सीधे सामान बेचने वाली कम्पनी ओरिफ्लेम इंडिया के कारपोरेट मामलों के निदेशक (एशिया) विवेक कटोच को भारत में डायरेक्ट सेलिंग उद्योग की शीर्ष संस्था इंडियन डायरेक्ट सेलिंग एसोसिएशन (आईडीएसए) का नया अध्यक्ष चुना गया है।
आईडीएसए ने शुक्रवार को जारी एक बयान में कहा कि कटोच को दूसरी बार इस पद के लिए चुना गया है। वह वर्ल्ड फेडरेशन ऑफ डायरेक्ट सेलिंग एसोसिएशन (डब्ल्यूएफडीएसए) में भी बतौर सदस्य भारतीय प्रत्यक्ष बिक्री उद्योग का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
बयान के अनुसार आईडीएसए की नई कार्यकारिणी का चुनाव बृहस्पतिवार को यहां हुई 27वीं वार्षिक आम बैठक में हुआ।
इसमें हर्बलाइफ इंटरनेशनल के निदेशक हरीश पंत को उपाध्यक्ष चुना गया है।
पंत इससे पहले आईडीएसए के कोषाध्यक्ष थे। आईडीएसए की नई कार्यकारिणी का कार्यकाल दो वर्ष का होगा।
इस मौके पर कटोच ने कहा, “देश में डायरेक्ट सेलिंग कारोबार सतत गति से आगे बढ़ रहा है। यह उद्योग देश की अर्थव्यवस्था में अपना अहम योगदान करने के साथ लगभग 90 लाख लोगों को पूर्णकालिक अथवा अंशकालिक तौर पर आजीविका प्रदान करने के साथ वैकल्पिक आय अर्जित करने का माध्यम साबित हुआ है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अब यह उद्योग देश के ग्रामीण हिस्सों में भी प्रसार कर रहा है और हम इसे देश के कोने कोने तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
भाषा अनुराग रमण
रमण

Facebook


