छत्तीसगढ़ में पेड़ से लटके हुए मिले युवक और लड़की के शव, आत्महत्या की आशंका
छत्तीसगढ़ में पेड़ से लटके हुए मिले युवक और लड़की के शव, आत्महत्या की आशंका
धमतरी, एक अप्रैल (भाषा) छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में 20 वर्षीय युवक और 17 वर्षीय एक लड़की के शव आम के पेड़ से लटके मिले हैं। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आशंका है कि दोनों ने प्रेम संबंध के कारण आत्महत्या की है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के सिहावा थाना क्षेत्र के अंतर्गत महुआबाहरा गांव में पुलिस को मानेस मरकाम नामक युवक और 10वीं कक्षा की एक छात्रा के शव एक खेत में आम के पेड़ से लटके हुए मिला।
उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह खेत की ओर गए ग्रामीणों ने युवक और लड़की के शव देखे और पुलिस को सूचित किया।
अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद पुलिस दल गांव पहुंचा और शवों को नीचे उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जानकारी मिली है कि लड़की महुआबाहरा गांव की निवासी थी तथा युवक मानेस पड़ोस के गेंदाभरी गांव का रहने वाला था, दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग था।
उन्होंने बताया कि दोनों 31 मार्च की शाम से घर से लापता थे और जिस खेत में दोनों के शव मिले, वह लड़की के पिता का बताया जा रहा है।
सिहावा थाना के प्रभारी शरद ताम्रकार ने बताया कि पुलिस को आशंका है कि प्रेम संबंध के कारण युवक और लड़की ने आत्महत्या की है।
उन्होंने कहा कि हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
ताम्रकार ने बताया कि पुलिस प्रेम संबंध, पारिवारिक दबाव समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
भाषा सं संजीव जोहेब
जोहेब

Facebook


