छत्तीसगढ़ विधानसभा में रसोई गैस किल्लत को लेकर कांग्रेस विधायकों का हंगामा, 30 सदस्य निलंबित

छत्तीसगढ़ विधानसभा में रसोई गैस किल्लत को लेकर कांग्रेस विधायकों का हंगामा, 30 सदस्य निलंबित

छत्तीसगढ़ विधानसभा में रसोई गैस किल्लत को लेकर कांग्रेस विधायकों का हंगामा, 30 सदस्य निलंबित
Modified Date: March 12, 2026 / 03:24 pm IST
Published Date: March 12, 2026 3:24 pm IST

रायपुर, 12 मार्च (भाषा) छत्तीसगढ़ विधानसभा में बृहस्पतिवार को मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने कहा कि राज्य में लोगों को रसोई गैस सिलेंडर किल्लत का सामना करना पड़ रहा है और इस विषय पर चर्चा की मांग की।

सभापति ने उनकी मांग स्वीकार नहीं की, जिसके बाद कांग्रेस विधायक आसन के सामने आकर नारेबाजी करने लगे।

सदस्यों के आसन के समीप आने पर नियमों के तहत उन्हें निलंबित कर दिया गया। बाद में सभापति ने कांग्रेस के 30 सदस्यों के निलंबित होने की जानकारी दी। कुछ ही देर बाद उनका निलंबन रद्द कर दिया गया।

शून्यकाल के दौरान यह मुद्दा उठाते हुए, विपक्ष के नेता चरणदास महंत ने कहा कि राज्य में रसोई गैस सिलेंडर की कमी हो रही है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने पहले भरोसा दिलाया था कि छत्तीसगढ़ में किसी भी तरह की कमी नहीं होगी, लेकिन अगले ही दिन कीमतें बढ़ा दी गईं।

महंत ने स्थगन प्रस्ताव देकर इस मामले में चर्चा की मांग की।

इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि रसोई गैस सिलेंडर राज्य सरकार का विषय नहीं है।

इस मुद्दे पर महंत का साथ देते हुए, पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल ने कहा कि भले ही एलपीजी आपूर्ति राज्य का विषय न हो, लेकिन कालाबाजारी और जमाखोरी जैसे मुद्दे ऐसे हैं जिन पर राज्य सरकार को ध्यान देना चाहिए।

बघेल ने चर्चा की मांग करते हुए कहा, ‘‘इसीलिए हम इस मुद्दे को शून्य काल में लाए।’’

हंगामे के बीच सभापति ने कार्यवाही पांच मिनट के लिए स्थगित कर दी।

जब सदन फिर से शुरू हुआ तब महंत ने कहा कि राज्य में 36 लाख से ज़्यादा सिलेंडर ग्राहक मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कालाबाजारी को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की।

बघेल ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष ने पूरे देश में आम जनजीवन पर असर डाला है, और कई राज्यों से रसोई गैस की कमी की खबरें आ रही हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘वाणिज्यिक गैस सिलेंडर की आपूर्ति में रुकावट आई है। बड़े शहरों में लगभग 50 प्रतिशत होटलों ने अपना काम बंद कर दिया है। छत्तीसगढ़ में भी होटलों के बंद होने की खबरें हैं।’’

उन्होंने आगाह किया कि अगर वाणिज्यिक गैस सिलेंडर की आपूर्ति रोकी गई, तो विवाह और दूसरे कार्यक्रम जैसी गतिविधियां रूक सकती हैं।

बघेल ने यह भी दावा किया कि एलपीजी सिलेंडर के साथ-साथ पेट्रोलियम पदार्थों की कमी भी शुरू हो गई है, जिससे कालाबाजारी हो रही है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि ऐसे में सरकार को घरेलू और वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर के भंडारण के बारे में बताना चाहिए और आपूर्ति को आसान बनाने तथा कालाबाजारी एवं जमाखोरी को रोकने के लिए क्या इंतज़ाम किए जा रहे हैं इस संबंध में जानकारी देनी चाहिए।

उन्होंने सभापति से स्थगन प्रस्ताव स्वीकार करने और जनता के हित में चर्चा कराने का आग्रह किया।

हालांकि सभापति ने यह कहते हुए प्रस्ताव को नामंज़ूर कर दिया कि मामला केंद्र से जुड़ा है।

भाषा संजीव शफीक

शफीक


लेखक के बारे में