छत्तीसगढ़:जशपुर की पहाड़ियों में विमान दुर्घटना की खबरों के बाद तलाशी अभियान शुरू,कोई सबूत नहीं मिला

छत्तीसगढ़:जशपुर की पहाड़ियों में विमान दुर्घटना की खबरों के बाद तलाशी अभियान शुरू,कोई सबूत नहीं मिला

छत्तीसगढ़:जशपुर की पहाड़ियों में विमान दुर्घटना की खबरों के बाद तलाशी अभियान शुरू,कोई सबूत नहीं मिला
Modified Date: April 20, 2026 / 08:36 pm IST
Published Date: April 20, 2026 8:36 pm IST

जशपुर (छत्तीसगढ़), 20 अप्रैल (भाषा) छत्तीसगढ़ में जशपुर जिले के पहाड़ी इलाके में एक संदिग्ध विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबरों के बाद सोमवार को स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने खोजबीन की लेकिन अब तक किसी भी मलबे का कोई सबूत नहीं मिला है।

यह खबर तब सामने आई जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हुआ है जिसमें नजर आ रहा है कि नारायणपुर इलाके में एक पहाड़ी से धुआं उठ रहा है । सोशल मीडिया पर एक एक जेट विमान भी दिख रहा है और दावा किया गया है कि इसका संबंध किसी विमान दुर्घटना से है।

कई समाचार चैनलों और वेब पोर्टलों ने भी इसे विमान दुर्घटना के रूप में पेश किया।

इन खबरों पर कार्रवाई करते हुए, जिलाधिकारी रोहित व्यास और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे एवं दोपहर करीब तीन बजे एक तलाशी अभियान शुरू किया गया।

व्यास ने आज शाम संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमें खबरों से नारायणपुर इलाके में एक विमान दुर्घटना के बारे में जानकारी मिली थी। हम मौके पर पहुंचे और तलाशी अभियान शुरू किया, लेकिन अब तक कोई सबूत नहीं मिला है।’’

उन्होंने बताया कि वन विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद हैं और ड्रोन से निगरानी की जा रही है।

उन्होंने कहा,‘‘हमने झारखंड और ओडिशा में एयर ट्रैफिक कंट्रोल अधिकारियों से भी संपर्क किया है, लेकिन किसी भी लापता विमान के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है।’’

जिलाधिकारी ने कहा, ‘‘गर्मियों के दौरान यहां अक्सर जंगल में आग लगती रहती है और वन विभाग नियमित रूप से इसे बुझाने का काम करता है। इसे किसी विमान दुर्घटना से जोड़ना उचित नहीं होगा।”

उन्होंने कहा कि तलाशी अभियान अब भी जारी है।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार वीडियो में जो धुआं दिखाई दे रहा था, वह जंगल की आग के कारण था, जिसे अब बुझा दिया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि वे स्थानीय निवासियों से जानकारी जुटा रहे हैं, लेकिन उनमें से किसी ने भी किसी विस्फोट की आवाज सुनने की सूचना नहीं दी है। उन्होंने कहा कि अब तक, किसी भी दुर्घटना के कोई संकेत नहीं मिले हैं।

पुलिस, जिला प्रशासन और वन विभाग की टीमें ड्रोन का उपयोग करके क्षेत्र की निगरानी करना जारी रखे हुए हैं।

एक सरकारी बयान के अनुसार, अब तक अधिकारियों को विमान से संबंधित किसी भी घटना का कोई सबूत नहीं मिला है।

भाषा सं संजीव राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में