मुख्यमंत्री साय ने चित्रोत्पला फिल्म सिटी और ट्राइबल एंड कल्चरल कन्वेंशन सेंटर का किया भूमि पूजन
मुख्यमंत्री साय ने चित्रोत्पला फिल्म सिटी और ट्राइबल एंड कल्चरल कन्वेंशन सेंटर का किया भूमि पूजन
रायपुर, 24 जनवरी (भाषा) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को चित्रोत्पला फिल्म सिटी और ‘ट्राइबल एंड कल्चरल कन्वेंशन’ सेंटर का भूमिपूजन किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री साय ने आज राजधानी रायपुर के माना-तूता गांव में वैदिक मंत्रोच्चार और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ केंद्र के निर्माण की आधारशिला रखी।
इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों, फिल्म कलाकारों, निर्माता-निर्देशकों को बधाई और शुभकामनाएं दी।
मान्यता है कि प्राचीन काल में महानदी का नाम चित्रोत्पला था। महानदी का उद्गम छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में स्थित सिहावा पर्वत से हुआ है।
इस अवसर पर साय ने कहा, ”छत्तीसगढ़ का बरसों पुराना सपना आज साकार हो गया है। चित्रोत्पला फिल्म सिटी तथा ट्राइबल एंड कल्चरल कन्वेंशन सेंटर के निर्माण से फिल्म निर्माण के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ को देश और दुनिया में एक नयी पहचान मिलेगी। इस महत्वाकांक्षी पहल के माध्यम से छत्तीसगढ़ न केवल फिल्म निर्माण और सांस्कृतिक आयोजनों का एक प्रमुख केंद्र बनने की दिशा में अग्रसर होगा, बल्कि यह परियोजना राज्य की रचनात्मक अर्थव्यवस्था को भी नयी गति प्रदान करेगी।”
भाषा संजीव
जोहेब
जोहेब

Facebook


