संविधान में आस्था रखकर आगे बढ़ रहा है विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र भारत : मुख्यमंत्री साय

संविधान में आस्था रखकर आगे बढ़ रहा है विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र भारत : मुख्यमंत्री साय

संविधान में आस्था रखकर आगे बढ़ रहा है विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र भारत : मुख्यमंत्री साय
Modified Date: November 26, 2025 / 03:51 pm IST
Published Date: November 26, 2025 3:51 pm IST

रायपुर, 26 नवंबर (भाषा) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश भारत संविधान में आस्था रखते हुए आगे बढ़ रहा है और संविधान प्रत्येक नागरिक को स्वतंत्रता के साथ अपनी बात रखने का अधिकार देता है, साथ ही अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता सुनिश्चित करता है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री साय आज 75वें संविधान दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर में स्थित टाउन हॉल में आयोजित ‘हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान’ कार्यक्रम में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर उपस्थित लोगों के साथ संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया और संविधान के प्रति निष्ठा व्यक्त की।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने संविधान पर आधारित लघु फिल्म भी देखी।

साय ने इस दौरान कहा, ”विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र भारत सदैव संविधान में आस्था रखते हुए आगे बढ़ता रहा है। संविधान प्रत्येक नागरिक को स्वतंत्रता के साथ अपनी बात रखने का अधिकार देता है और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता सुनिश्चित करता है। विधायक और सांसद जैसे पदों पर आम नागरिकों का पहुंचना संविधान की ही उदार, समावेशी और लोकतांत्रिक व्यवस्था का परिणाम है।”

उन्होंने विशेष रूप से छत्तीसगढ़ से भारत के संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले वरिष्ठजनों का स्मरण करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की यह ऐतिहासिक भागीदारी आज भी गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि इन महान जनप्रतिनिधियों की विचारशीलता, लोकतांत्रिक मूल्य और राष्ट्रनिर्माण की दृष्टि सदैव प्रेरित करती रहेगी।

अधिकारियों ने बताया कि इस अवसर पर क्षेत्र के विधायक, अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

भाषा संजीव जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में