चोरी के आरोप में एक व्यक्ति को खंभे से बांधकर पीटा, मौत
चोरी के आरोप में एक व्यक्ति को खंभे से बांधकर पीटा, मौत
बलरामपुर (उप्र), 13 अगस्त (भाषा) बलरामपुर जिले के गैसड़ी क्षेत्र में एक व्यक्ति को चोरी के आरोप में खंभे से बांधकर पीटा गया। पिटाई से घायल आरोपी की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने पिटाई करने वाले एक आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है जबकि एक बाल अपचारी को भी पकड़ा गया है।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि गैसड़ी कोतवाली क्षेत्र के बिशनपुर कला गांव में ‘हिस्ट्रीशीटर’ रामसनेही (38) को चोरी के आरोप में गांव के ही कुछ लोगों ने पकड़ा और उसे खंभे से बांध कर लाठियों से पिटाई की।
उन्होंने बताया कि रामसनेही को परिजन गंभीर हालत में अस्पताल ले गये जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कुमार ने बताया कि इस घटना के आरोपी अकबर को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि 14 वर्षीय एक लड़के को भी इस मामले में हिरासत में लिया गया है।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
भाषा सं. सलीम शफीक
शफीक

Facebook


