‘मन की बात’ में कोरिया के किसानों की तारीफ, मुख्यमंत्री साय बोले : छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात
‘मन की बात' में कोरिया के किसानों की तारीफ, मुख्यमंत्री साय बोले : छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात
रायपुर, 29 मार्च (भाषा) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में कोरिया जिला के किसानों के “प्रेरणादायक” जल संरक्षण प्रयासों का उल्लेख किया जाना राज्य के लिए गर्व की बात है।
साय ने अपने आधिकारिक आवास पर प्रसारण सुनने के बाद कहा कि ‘आवा पानी झोंकी’ मॉडल जमीनी स्तर पर नवाचार का राष्ट्रीय मानक बन गया है।
कार्यक्रम के बाद संवाददाताओं से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि देशभर के लोग “मन की बात” के हर एपिसोड का बेसब्री से इंतजार करते हैं, जिसमें भारत के विभिन्न हिस्सों से नवाचार और सकारात्मक पहल को प्रस्तुत किया जाता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने कोरिया जिले का उल्लेख करते हुए बताया कि वहां किसान ‘आवा पानी झोंकी’ नामक अभिनव मॉडल के तहत अपने खेतों में रिचार्ज तालाब और सोख्ता गड्ढे बनाकर वर्षा जल का संचयन कर रहे हैं।
साय ने कहा कि कोरिया जिला में 1,200 से अधिक किसानों ने 2,000 से ज्यादा ऐसे ढांचे विकसित किए हैं, जिससे क्षेत्र में भूजल स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जल संरक्षण एक जन आंदोलन बन गया है और छत्तीसगढ़ में भी इसी तरह के प्रयास जनभागीदारी के साथ बढ़ाए जा रहे हैं।
पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष पर साय ने कहा कि देश किसी भी चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने शुक्रवार को मुख्यमंत्रियों के साथ चर्चा की और उन्होंने स्वयं शनिवार को अधिकारियों तथा तेल कंपनियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की।
उन्होंने कहा, “राज्य में पेट्रोल, डीजल या एलपीजी की कोई कमी नहीं है। आपूर्ति सुचारु और सामान्य है। लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए और न ही घबराना चाहिए।”
उन्होंने आश्वस्त किया कि आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखी गई है।
भाषा
राखी दिलीप
दिलीप

Facebook


