नया भारत अब आतंकवाद को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त करने वाला नहीं है: साय
नया भारत अब आतंकवाद को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त करने वाला नहीं है: साय
रायपुर, सात मई (भाषा) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने दुनिया को स्पष्ट संदेश दिया कि नया भारत अब आतंकवाद को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त करने वाला नहीं है।
मुख्यमंत्री साय ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पहली वर्षगांठ पर भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम और अदम्य साहस को नमन करते हुए कहा कि यह अभियान केवल एक सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि नए भारत की अटूट इच्छाशक्ति, निर्भीक संकल्प और निर्णायक शक्ति का प्रतीक है।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”ऑपरेशन सिंदूर – नया भारत, नया युग, नई ताकत! आज से एक वर्ष पूर्व, पहलगाम में सीमा पार से आतंकियों द्वारा आकर किए गए घिनौने कृत्य ने पूरे राष्ट्र को झकझोर दिया था। लेकिन भारत ने उस रक्तरंजित चुनौती का ऐसा जवाब दिया, जो इतिहास के पन्नों में शौर्य, संकल्प और पराक्रम के स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हो गया।”
उन्होंने लिखा, “आपरेशन सिंदूर मात्र एक सैन्य अभियान नहीं, बल्कि नई भारत की अटूट इच्छाशक्ति, निर्भीक संकल्प और निर्णायक शक्ति का प्रखर उद्घोष था। यह वह क्षण था जब भारत ने दुनिया को बता दिया कि अब हम चुपचाप सहने वाले नहीं रहे। अब हमारी मातृभूमि पर कोई आंख उठाएगा तो उसे मुंह की खानी पड़ेगी।”
भाषा संजीव जोहेब
जोहेब

Facebook


