छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में बारूदी सुरंग में विस्फोट, एक जवान घायल

Ads

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में बारूदी सुरंग में विस्फोट, एक जवान घायल

  •  
  • Publish Date - February 21, 2025 / 03:07 PM IST,
    Updated On - February 21, 2025 / 03:07 PM IST

नारायणपुर, 21 फरवरी (भाषा) छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में बारूदी सुरंग की चपेट में आकर सुरक्षाबल का एक जवान घायल हो गया। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के छोटेडोंगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत तोयमेटा और कवानार गांव के मध्य जंगल में बारूदी सुरंग (आईईडी) की चपेट में आने से जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) का एक जवान घायल हो गया है।

उन्होंने बताया कि आज छोटेडोंगर थाने से जिला बल और डीआरजी के संयुक्त दल को गश्त के लिए रवाना किया गया था। अभियान के दौरान दोपहर लगभग 1.45 बजे तोयमेटा और कवानार के बीच जंगल में बारूदी सुरंग विस्फोट की चपेट में आने से डीआरजी का एक जवान घायल हो गया।

अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद घायल जवान को जंगल से बाहर निकाला गया। घायल जवान की हालत खतरे से बाहर है।

उन्होंने बताया कि घायल जवान को बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से रायपुर भेजा जा रहा है।

नारायणपुर सहित सात जिलों वाले बस्तर क्षेत्र के अंदरूनी इलाकों में गश्त के दौरान सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाने के लिए माओवादी अक्सर सड़कों और जंगल में कच्ची पगडंडियों पर बारूदी सुरंग लगाते हैं।

इस क्षेत्र में पहले भी नक्सलियों द्वारा बिछाई गई बारूदी सुरंगों की चपेट में आने से सुरक्षाबल के जवानों और आम नागरिकों को नुकसान पहुंचा है।

इससे पहले 15 फरवरी को बीजापुर जिले में बारूदी सुरंग (प्रेशर बम) की चपेट में आने से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल का जवान घायल हो गया था।

भाषा सं संजीव नरेश

नरेश