छत्तीसगढ़ में मोबाइल मेडिकल इकाइयों के माध्यम से 1.16 लाख से अधिक लोगों को मिलीं स्वास्थ्य सेवाएं
छत्तीसगढ़ में मोबाइल मेडिकल इकाइयों के माध्यम से 1.16 लाख से अधिक लोगों को मिलीं स्वास्थ्य सेवाएं
कवर्धा (छत्तीसगढ़), सात मई (भाषा) केंद्र सरकार के प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान (पीएम जनमन) के तहत छत्तीसगढ़ में 57 मोबाइल मेडिकल इकाइयों के जरिए 1.16 लाख से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं मिली हैं। इस योजना का मकसद दूरदराज के आदिवासी इलाकों में मेडिकल सुविधाएं पहुंचाना है।
पीएम जनमन के तहत तैनात इन मोबाइल मेडिकल इकाइयों ने अब तक उन दूरदराज के इलाकों में 5,500 से अधिक स्वास्थ्य शिविर लगाए हैं, जहां ज्यादातर ‘विशेष रूप से संवेदनशली आदिवासी समूह’ (पीवीटीजी) रहते हैं।
छत्तीसगढ़ में सात पीवीटीजी पहाड़ी कोरवा, बिरहोर, कमार, अबुझमाड़िया, बैगा, भुंजिया और पांडो हैं।
मोबाइल मेडिकल इकाइयों एम्बुलेंस चलाने वाली निजी सेवा प्रदाता कंपनी के परियोजना निदेशक चेतन शर्मा ने कहा कि मोबाइल मेडिकल इकाइयों ने स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता में आने वाली भौगोलिक रुकावटों को काफी हद तक कम किया है और आदिवासी समुदायों के बीच मेडिकल सेवाओं पर भरोसा बढ़ाया है।
शर्मा ने बताया, ‘मोबाइल मेडिकल इकाइयों के जरिए दूरदराज और पहले नक्सल प्रभावित इलाकों में 5,500 से अधिक स्वास्थ्य शिविर लगाकर 1.16 लाख से अधिक मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं दी गई हैं।’
भाषा सं संजीव जोहेब
जोहेब

Facebook


