CG Vidhan Sabha Monsoon Session Sthagit
रायपुर : CG Vidhan Sabha Monsoon Session Sthagit : छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के पहले ही दिन सोमवार को सदन में भारी हंगामा देखने को मिला। विपक्षी दल कांग्रेस ने अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर सदन में चर्चा कराने की मांग की। विपक्ष के इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस और जोरदार नारेबाजी हुई, जिसके कारण विधानसभा अध्यक्ष को सदन की कार्यवाही कल सुबह 11:00 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। अब सदन की अगली बैठक कल सुबह 11:00 बजे होगी।
शून्यकाल के दौरान विपक्ष के नेता चरण दास महंत ने राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर कार्य स्थगन प्रस्ताव का नोटिस देते हुए कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के साथ धोखा हुआ है, जिन्होंने अपनी मेहनत की कमाई दान की थी। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी चढ़ावे में लूट का आरोप लगाया।
इस पर भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि यह छत्तीसगढ़ विधानसभा में चर्चा का विषय नहीं है। हालांकि, कांग्रेस सदस्यों का तर्क था कि छत्तीसगढ़ के लोगों ने भी मंदिर निर्माण में योगदान दिया है और साल 2024 में भी इस सदन में राम मंदिर को लेकर प्रस्ताव पारित हो चुका है।
विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने कांग्रेस विधायकों के इस चर्चा के नोटिस को यह कहते हुए खारिज कर दिया कि यह मामला छत्तीसगढ़ राज्य से संबंधित नहीं है। अध्यक्ष के फैसले के बाद भी कांग्रेस विधायक चर्चा की मांग पर अड़े रहे और सदन में पोस्टर दिखाकर नारेबाजी करने लगे। लगातार हो रहे हंगामे और गर्मागर्म बहस को देखते हुए अध्यक्ष रमन सिंह ने पहले कार्यवाही को पांच मिनट के लिए रोका और दोबारा सदन शुरू होने पर भी हंगामा शांत न होने पर कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी।