शाह ने ‘डायल 112’ की चार सौ गाड़ियों और 33 मोबाइल फॉरेंसिक प्रयोगशाला को दिखाई हरी झंडी

शाह ने ‘डायल 112’ की चार सौ गाड़ियों और 33 मोबाइल फॉरेंसिक प्रयोगशाला को दिखाई हरी झंडी

शाह ने ‘डायल 112’ की चार सौ गाड़ियों और 33 मोबाइल फॉरेंसिक प्रयोगशाला को दिखाई हरी झंडी
Modified Date: May 18, 2026 / 11:46 am IST
Published Date: May 18, 2026 11:46 am IST

रायपुर, 18 मई (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार को रायपुर में आपात प्रतिक्रिया सेवा ‘डायल 112’ की 400 गाड़ियों को हरी झंडी दिखाई और 33 मोबाइल फॉरेंसिक प्रयोगशाला की शुरुआत की।

केंद्रीय गृह मंत्री रविवार देर शाम राज्य के तीन दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचे। इस दौरान वह कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे और बस्तर क्षेत्र में केंद्रीय क्षेत्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि ‘नेक्स्ट जेन सीजी डायल-112’ प्रदेश में तकनीक आधारित सुशासन की दिशा में एक अभिनव पहल है, जिसके माध्यम से पुलिस सेवा, दमकल सेवा, चिकित्सकीय आपात सहायता, महिला हेल्पलाइन, चाइल्ड हेल्पलाइन, आपदा प्रबंधन सहायता तथा राजमार्ग आपात जैसी सेवाओं को एकीकृत मंच पर उपलब्ध कराया जा रहा है।

इस उन्नत प्रणाली में केंद्रीकृत ‘कमांड एवं कंट्रोल सेंटर’, जीपीएस आधारित आपात प्रतिक्रिया वाहन, जीआईएस आधारित वास्तविक समय में निगरानी जैसी आधुनिक सुविधाएं शामिल हैं।

अधिकारियों ने बताया कि नयी व्यवस्था के माध्यम से अपराध नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा, सड़क दुर्घटना प्रतिक्रिया, चिकित्सकीय सहायता तथा जन-संकट की परिस्थितियों में और अधिक प्रभावी सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में संचालित ‘डायल 112’ सेवा 2018 से अब तक लाखों नागरिकों को आपात परिस्थितियों में सहायता प्रदान कर चुकी है तथा वर्तमान में इसकी सेवाएं 16 जिलों तक सीमित थी अब यह प्रदेश के सभी 33 जिलों तक विस्तारित हो जायेगी।

अधिकारियों ने बताया कि देश के तीन नए आपराधिक कानूनों के प्रावधानों के तहत फॉरेंसिक विज्ञान एक बहुत ही महत्वपूर्ण पहलू बन गया है, क्योंकि सात साल से अधिक की सजा वाले अपराधों में फॉरेंसिक जांच अनिवार्य है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 33 मोबाइल फॉरेंसिक प्रयोगशाला उपलब्ध होने से अब हर जिले में पूरी तरह से सुसज्जित प्रयोगशाला उपलब्ध होंगी।

भाषा संजीव

मनीषा खारी

खारी


लेखक के बारे में