न्यायाधिकरण से मंजूरी प्राप्त 1,468 मतदाता बंगाल चुनाव के दूसरे चरण में कर सकेंगे मतदान : अधिकारी

न्यायाधिकरण से मंजूरी प्राप्त 1,468 मतदाता बंगाल चुनाव के दूसरे चरण में कर सकेंगे मतदान : अधिकारी

न्यायाधिकरण से मंजूरी प्राप्त 1,468 मतदाता बंगाल चुनाव के दूसरे चरण में कर सकेंगे मतदान : अधिकारी
Modified Date: April 28, 2026 / 04:21 pm IST
Published Date: April 28, 2026 4:21 pm IST

कोलकाता, 28 अप्रैल (भाषा) एसआईआर से जुड़े न्यायाधिकरण के आदेशों के बाद पश्चिम बंगाल की मतदाता सूची में कुल 1,468 लोगों का नाम जोड़ा गया है, जो 29 अप्रैल को विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

निर्वाचन आयोग के अनुसार, जिन मतदाताओं के नाम पूरक मतदाता सूची में हैं, वे आयोग की वेबसाइट पर अपना मतदाता पहचान पत्र क्रमांक दर्ज करके अपने विवरण की जांच कर सकते हैं।

निर्वाचन आयोग के अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “जिन मतदाताओं की अपीलों का निपटारा अपीलीय न्यायाधिकरणों द्वारा 27 अप्रैल तक कर दिया गया था, उन्हें एक पूरक मतदाता सूची में शामिल किया गया है, और वे दूसरे चरण में मतदान कर सकेंगे।”

दूसरे चरण में मतदान पश्चिम बंगाल के सात जिलों में फैले 142 निर्वाचन क्षेत्रों में होगा।

उच्चतम न्यायालय ने चुनाव आयोग को एक पूरक मतदाता सूची जारी करने का निर्देश दिया था जिसमें उन मतदाताओं को शामिल किया जाए जिनकी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के दौरान उनके नाम हटाए जाने के खिलाफ अपील राज्य के अपीलीय न्यायाधिकरणों द्वारा स्वीकार कर ली गई थी।

इससे पहले, राज्य में 23 अप्रैल को विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण से पहले न्यायाधिकरण द्वारा मंजूरी प्राप्त 139 मतदाताओं को मतदाता सूची में जोड़ा गया था।

एक अन्य अधिकारी ने कहा, “इस प्रयास का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक पात्र मतदाता को अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिले।”

भाषा प्रशांत माधव

माधव


लेखक के बारे में