बेंगलुरु में 16 गिरफ्तार, 36 करोड़ रुपये से अधिक के मादक पदार्थ जब्त: गृह मंत्री परमेश्वर
बेंगलुरु में 16 गिरफ्तार, 36 करोड़ रुपये से अधिक के मादक पदार्थ जब्त: गृह मंत्री परमेश्वर
बेंगलुरु, 29 अप्रैल (भाषा) कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने बुधवार को बताया कि बेंगलुरु नगर पुलिस ने हाल ही में चलाए गए एक अभियान के तहत 16 लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से 36 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोगों में चार विदेशी नागरिक, अन्य राज्यों के आठ व्यक्ति और चार स्थानीय निवासी शामिल हैं।
परमेश्वर ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि एक बड़े अभियान में केंद्रीय अपराध शाखा (सीसीबी), उत्तर-पूर्व प्रभाग, उत्तर प्रभाग और मादक पदार्थ रोधी शाखा ने मिलकर इन 16 लोगों को गिरफ्तार किया।
उन्होंने कहा, ’36 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ जब्त कर सभी के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं।’
गृह मंत्री ने जोर देकर कहा कि सरकार का लक्ष्य तीन स्तरों (आपूर्ति, उत्पादन और उपभोग) पर मादक पदार्थों को फैलने से रोकना है।
उन्होंने कहा, ‘हम इन तीनों पहलुओं पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं और विभाग हर हाल में इस खतरे को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। कर्नाटक और बेंगलुरु को नशा मुक्त बनाना हमारा मुख्य उद्देश्य है और इसके लिए हम हर संभव कदम उठा रहे हैं।’
इसी के साथ गृह मंत्री ने ‘आईपीएल 2026’ के दौरान भीड़ नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था के लिए बेंगलुरु पुलिस द्वारा विकसित प्रणाली की सराहना भी की।
जून 2025 में यहां एम. चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम के पास उस समय एक बड़ा हादसा हो गया था, जब आरसीबी की आईपीएल जीत के जश्न में शामिल होने के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। उस दौरान हुई भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी और 33 अन्य घायल हो गए थे।
भाषा
प्रचेता नरेश
नरेश

Facebook


