कानपुर में गहने लूटने के लिए कोचिंग संचालक की हत्या, 18 साल पुराना दोस्त गिरफ्तार

कानपुर में गहने लूटने के लिए कोचिंग संचालक की हत्या, 18 साल पुराना दोस्त गिरफ्तार

कानपुर में गहने लूटने के लिए कोचिंग संचालक की हत्या, 18 साल पुराना दोस्त गिरफ्तार
Modified Date: June 6, 2026 / 07:20 pm IST
Published Date: June 6, 2026 7:20 pm IST

कानपुर, छह जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के कानपुर में पुलिस ने कोचिंग संचालक विजय प्रकाश गुप्ता की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए शनिवार को दावा किया कि इस सिलसिले में गुप्ता के 18 साल पुराने दोस्त को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने लूटने के इरादे से कोचिंग संचालक विजय प्रकाश गुप्ता की हत्या की थी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान नवाबगंज निवासी मोहित द्विवेदी के रूप में हुई है। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि मोहित ने इस वर्ष की शुरुआत में खजुराहो यात्रा के दौरान विजय प्रकाश गुप्ता के पास मौजूद कीमती सोने की चेन और कंगन देखे थे। तभी उसने उन्हें लूटने की योजना बनाई थी।

पुलिस ने बताया कि विजय प्रकाश गुप्ता नवाबगंज क्षेत्र में कोचिंग संचालित करते थे और मोहित उनका पुराना मित्र है। दोनों पहले एक ही इमारत में कोचिंग चलाते थे। मोहित का कोचिंग व्यवसाय बंद हो चुका था और उसकी पत्नी भी उसे छोड़कर चली गई थी। आर्थिक तंगी से जूझ रहे मोहित ने इसी वजह से वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस के मुताबिक मोहित ने अपराध आधारित टीवी कार्यक्रम देखकर तथा यूट्यूब पर पहचान छिपाने और पुलिस से बचने के तरीके खोजकर वारदात की तैयारी की थी। वह पिछले 15 दिनों से लूट की योजना बना रहा था।

पुलिस को गुमराह करने के लिए उसने एक सप्ताह पहले बाजार से बुर्का, महिलाओं की चप्पल, दस्ताने, पर्स और दुपट्टा खरीदा था। इसके अलावा उसने कोचिंग सेंटर की कई बार रेकी कर वहां से भागने के रास्तों और सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की जानकारी जुटाई थी।

पुलिस के अनुसार, 31 मई को मोहित ने स्वरूप नगर स्थित जेके कैंसर अस्पताल के पास अपनी कार खड़ी की, बुर्का पहना और ऑटो-रिक्शा से कोचिंग सेंटर पहुंचा, ताकि ऐसा लगे कि संदिग्ध कन्नौज से आया है। उसने गूंगा होने का नाटक किया और एक पर्ची पर लिखकर गुप्ता से प्रवेश संबंधी जानकारी मांगी। मौका मिलते ही उसने सोने की चेन छीनने का प्रयास किया। इस दौरान हुई हाथापाई में गुप्ता को धक्का लगा और सिर में चोट लगने से वह गिर पड़े।

पुलिस ने बताया कि आरोपी बेहोशी की हालत में गुप्ता को घसीटकर दूसरे कमरे में ले गया, उनकी सोने की चेन और कंगन लूट लिए और मौके से फरार हो गया।

अगली सुबह एक जून को कोचिंग सेंटर की एक महिला शिक्षिका ने गुप्ता का शव देखा और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस के अनुसार, शव की स्थिति देखकर हत्या की आशंका हुई, जिसके बाद जांच शुरू की गई। पुलिस ने 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की जांच की। विभिन्न स्थानों पर बुर्का पहने एक ही संदिग्ध के दिखाई देने पर जांच की दिशा मोहित की ओर गई। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने चोरी किए गए गहने और अन्य साक्ष्य भी बरामद कर लिए हैं।

पुलिस ने बताया कि आरोपी बीए, एलएलबी और एमए की डिग्री हासिल कर चुका है तथा उसने हाल ही में शिक्षक भर्ती की परीक्षा भी दी थी। इस मामले की विस्तृत जांच जारी है।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत


लेखक के बारे में