उद्योग भवन के पास मजदूरों के 200 अस्थायी आवास आग में खाक, कोई हताहत नहीं

उद्योग भवन के पास मजदूरों के 200 अस्थायी आवास आग में खाक, कोई हताहत नहीं

उद्योग भवन के पास मजदूरों के 200 अस्थायी आवास आग में खाक, कोई हताहत नहीं
Modified Date: June 24, 2026 / 08:03 am IST
Published Date: June 24, 2026 8:03 am IST

नयी दिल्ली, 24 जून (भाषा) दिल्ली में उद्योग भवन के पास मजदूरों के लिए बने टिन शेड वाले अस्थायी आवासों में बुधवार तड़के भीषण आग लग गई जिससे लगभग 200 आवास जलकर राख हो गए। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि तड़के तीन बजकर दो मिनट पर उद्योग भवन के पास स्थित मजदूरों के अस्थायी आवासों के नजदीक एक बिजली पैनल में आग लगने की सूचना मिली।

उन्होंने बताया कि आग टिन-शेड वाले कमरों में तेजी से फैल गई जिसके बाद उस पर काबू पाने के लिए बड़े पैमाने पर अग्निशमन अभियान चलाया गया।

‘सेंट्रल विस्टा’ क्षेत्र में स्थित प्रमुख सरकारी कार्यालय परिसरों में से एक उद्योग भवन को केंद्र के महत्वाकांक्षी पुनर्विकास कार्यक्रम के तहत ध्वस्त करने का काम शुरू हो चुका है। साल 1950 के दशक के उत्तरार्ध में निर्मित उद्योग भवन को गिराने की प्रक्रिया उसके निकट स्थित निर्माण भवन के ध्वस्तीकरण के बाद शुरू की गई है।

अग्निशमन अधिकारियों ने बताया कि शुरुआत में आग बुझाने के लिए दमकल की दो गाड़ियां भेजी गई थीं लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए अभियान का दायरा बढ़ाना पड़ा। इसके बाद पानी ले जाने वाली दमकल गाड़ियों तथा अन्य विशेष इकाइयों समेत कुल 19 अग्निशमन वाहनों को मौके पर तैनात किया गया।

उन्होंने बताया कि सुबह करीब साढ़े पांच बजे आग पर काबू पा लिया गया।

अधिकारियों के अनुसार, आग में श्रमिकों के लगभग 200 अस्थायी आवास तथा कई एलपीजी सिलेंडर क्षतिग्रस्त हो गए।

उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के सही कारण का अभी पता नहीं चल पाया है।

भाषा खारी सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में