कर्नाटक के शिवमोगा में एक निजी बस पुल से नीचे गिरी, 36 लोग घायल
कर्नाटक के शिवमोगा में एक निजी बस पुल से नीचे गिरी, 36 लोग घायल
शिवमोगा (कर्नाटक), 30 मार्च (भाषा) कर्नाटक के शिवमोगा जिले में सोमवार को एक निजी बस के अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिरने की घटना में 36 लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना दोपहर करीब डेढ़ बजे भद्रावती तालुक के वीरपुरा गांव के कागेहल्ला के पास घटी।
पुलिस के अनुसार, बस दावणगेरे जिले के चन्नागिरी से भद्रावती जा रही थी, तभी चालक ने कथित तौर पर एक नाले पर बने पुल के पास वाहन से नियंत्रण खो दिया। बस पुल के बैरियर से टकराई और नीचे बहते नाले में जा गिरी। नाले में पानी का स्तर कम था।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस दुर्घटना में चालक और परिचालक समेत कुल 36 लोग घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि इनमें से 25 लोगों को मामूली चोटें आईं और उन्हें इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने बताया कि भद्रावती ग्रामीण पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच जारी है।
भाषा
राखी नरेश
नरेश

Facebook


