चाड में जल संसाधन को लेकर संघर्ष में 42 लोगों की मौत
चाड में जल संसाधन को लेकर संघर्ष में 42 लोगों की मौत
नदजामेना (चाड), 27 अप्रैल (एपी) चाड के पूर्वी हिस्से में जल संसाधन को लेकर दो परिवारों के बीच हुए विवाद के हिंसक झड़पों में बदलने से कम से कम 42 लोगों की मौत हो गई। यह जानकारी देश के उप प्रधानमंत्री लिमाने महामत ने दी।
महामत ने वादी फीरा प्रांत के इगोटे गांव के दौरे के दौरान बताया कि शनिवार को हुई इस घटना में 42 लोगों की मौत हुई और 10 अन्य घायल हुए। उन्होंने कहा कि घायलों को प्रांतीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने बताया कि बदले की कार्रवाई का सिलसिला बड़े क्षेत्र में फैल गया था, जिसके बाद सेना को हस्तक्षेप करना पड़ा। उनके अनुसार, सेना की त्वरित कार्रवाई से स्थिति को काबू में कर लिया गया है और अब हालात नियंत्रण में हैं।
उप प्रधानमंत्री ने गांव में पारंपरिक मध्यस्थता प्रक्रिया शुरू करने और आपराधिक जिम्मेदारी तय करने के लिए न्यायिक कार्रवाई शुरू करने की घोषणा की।
मध्य अफ्रीकी देश चाड में संसाधनों को लेकर अंतर-समुदायिक झड़पें आम हैं। पिछले वर्ष दक्षिण-पश्चिमी चाड में किसानों और पशुपालकों के बीच संघर्ष में 42 लोगों की मौत हो गई थी और कई घर जला दिए गए थे।
महामत ने कहा कि सरकार सीमा क्षेत्र में अस्थिरता रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएगी।
चाड के पूर्वी प्रांत पिछले कई महीनों से सूडान में जारी युद्ध से भागकर आए शरणार्थियों को शरण दे रहे हैं, जिससे संसाधनों और सुरक्षा पर दबाव बढ़ गया है।
फरवरी में चाड ने सीमा को “अगली सूचना तक” बंद कर दिया था, ताकि सूडान के संघर्ष का असर उसके क्षेत्र में फैलने से रोका जा सके।
एपी
मनीषा माधव
माधव

Facebook


