गुरु अर्जन देव की शहादत की बरसी पर 541 सिख तीर्थयात्री पाकिस्तान की यात्रा करेंगे
गुरु अर्जन देव की शहादत की बरसी पर 541 सिख तीर्थयात्री पाकिस्तान की यात्रा करेंगे
अमृतसर, आठ जून (भाषा) शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी को पांचवें सिख गुरु अर्जन देव की शहादत की बरसी के मौके पर ऐतिहासिक सिख तीर्थस्थलों के दर्शन करने के लिए पाकिस्तान की यात्रा करने के संबंध में 541 सिख तीर्थयात्रियों के लिए वीजा मिल गया है।
तीर्थयात्रियों का जत्था बुधवार को एसजीपीसी मुख्यालय से रवाना होगा।
एसजीपीसी की धर्म प्रचार समिति के सचिव गुरिंदर सिंह मथरेवाल ने सोमवार को यहां बताया कि सिखों की सर्वोच्च धार्मिक संस्था ने 561 तीर्थयात्रियों के पासपोर्ट नयी दिल्ली स्थित पाकिस्तानी दूतावास में जमा किए थे, जिनमें से 541 तीर्थयात्रियों को वीजा जारी कर दिया गया, जबकि 20 आवेदकों का वीजा नामंजूर कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि यह जत्था शहादत की बरसी पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए पाकिस्तान जाएगा।
यात्रा के दौरान, तीर्थयात्री विभिन्न ऐतिहासिक सिख तीर्थस्थलों पर मत्था टेकेंगे और 19 जून को भारत लौटने से पहले वहाँ आयोजित होने वाले स्मरणोत्सवों में भाग लेंगे।
मथरेवाल ने कहा कि जिन तीर्थयात्रियों के वीजा स्वीकृत हो चुके हैं, वे नौ जून को कार्यालय समय के दौरान कमेटी कार्यालय से अपने पासपोर्ट प्राप्त कर सकते हैं।
भाषा जितेंद्र दिलीप
दिलीप

Facebook


