नयी दिल्ली, 26 फरवरी (भाषा) होली से पहले दिल्ली में खाद्य पदार्थों को मिलावट से मुक्त रखने के मकसद से शुरू किए गए एक विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने अलग अलग इलाकों से दालों, मसालों व तेल समेत 66 खाद्य उत्पादों के नमूने एकत्रि किए हैं। एक आधिकारिक बयान में बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी गई।
बयान के मुताबिक, स्वास्थ्य मंत्री डॉ पंकज कुमार सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत डेयरी उत्पादों की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की जांच के लिए दिल्ली की बड़ी खोया मंडियों और पनीर मंडियों में विशेष निरीक्षण टीमें तैनात की गईं और साथ ही नमूने भी इकट्ठा किए गए हैं।
बयान में कहा गया है कि जहां कहीं भी नियम का उल्लंघन पाया गया है, वहां सख्त कार्रवाई शुरू की गई।
सिंह ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया है कि वे निरीक्षण सिर्फ संगठित मंडियों तक ही सीमित नहीं रखें, बल्कि घनी आबादी वाले इलाकों में अच्छी तरह से निरीक्षण किया जाए, जहां स्थानीय स्तर पर खोया और पनीर तैयार किया जाता है और स्थानीय स्तर ही उसकी आपूर्ति की जाती है।
मंत्री ने दिल्ली के सीमावर्ती इलाकों में कड़ी निगरानी करने का निर्देश दिया है, जहां से पनीर और खोया राजधानी दिल्ली में लाया जाता है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में खाने की चीज़ों की नियमित जांच करने के लिए दिल्ली के सभी प्रवेश स्थलों पर भी सघन निगरानी की जा रही है।
बयान के मुताबिक, प्रवर्तन अभियान के तहत एकत्र किए गए 66 नमूनों में ‘प्रिपेयर्ड फ़ूड’ के 16 नमूने, नमक, मसाले, सूप, सॉस, सलाद और प्रोटीन उत्पादों के 18 नमूने, दालें, अनाज और उनसे जुड़ी चीज़ों के 17 नमूने, तेल आदि के 11 और डेयरी उत्पाद के चार नमूने शामिल हैं।
इसमें कहा गया है कि दालों और उनसे जुड़े उत्पादों पर विशेष ज़ोर दिया गया है, क्योंकि इनका नियमित रूप से इस्तेमाल होता है।
भाषा नोमान नोमान पवनेश
पवनेश