काबुल, 26 फरवरी (एपी) अफगानिस्तान की सेना ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने अपने पड़ोसी देश पर हमले करते हुए पाकिस्तानी सेना 12 से अधिक चौकियों पर कब्जा कर लिया है।
अफगानिस्तान के सैन्य अधिकारियों ने कहा कि कुछ दिन पहले पाकिस्तान द्वारा किये गए हवाई हमलों के जवाब में उन्होंने उसके खिलाफ हमले शुरू किये हैं।
पाकिस्तान सरकार ने रविवार के हवाई हमलों को इलाके में आतंकवादियों पर हमला बताया था। बृहस्पतिवार को उसने सीमा पर झड़पों की पुष्टि की, लेकिन सेना की चौकियों पर अफगानिस्तान के कब्जे के दावों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। उसने बृहस्पतिवार को अफगानिस्तान के हमलों को बिना उकसावे के की गई कार्रवाई बताया।
अफगानिस्तान के सैन्य कोर के पूर्वी क्षेत्र के मीडिया कार्यालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया कि बृहस्पतिवार रात “भारी संघर्ष” शुरू हो गए हैं। उसने कहा कि ये हमले “पाकिस्तानी सेना द्वारा नंगरहार और पक़्तिया प्रांतों में किए गए हालिया हवाई हमलों” के जवाब में किए गए।
अफगान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने बृहस्पतिवार रात ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पाकिस्तानी सेना द्वारा बार-बार की जाने वाली कार्रवाई के जवाब में, ‘डूरंड लाइन’ के साथ स्थित पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों और सैन्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ बड़े पैमाने पर आक्रामक अभियान शुरू किए गए।’’
दोनों देशों की 2,611 किलोमीटर लंबी सीमा को ‘डूरंड लाइन’ के नाम से जाना जाता है, जिसे अफगानिस्तान ने औपचारिक रूप से मान्यता नहीं दी है।
मुजाहिद ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि कुछ पाकिस्तानी सैनिकों को जिंदा पकड़ा गया है।
हताहतों या सैनिकों के पकड़े जाने के दावों पर पाकिस्तान की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
पाकिस्तान के सूचना मंत्रालय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि अफगानिस्तान ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा के कई स्थानों पर ‘‘बिना उकसावे के गोलीबारी’’ की है और इस कार्रवाई का पाकिस्तान के सुरक्षा बलों द्वारा ‘‘तत्काल और प्रभावी तरीके से जवाब’’ दिया जा रहा है।
इसने कहा कि शुरुआती रिपोर्टों से संकेत मिलता है कि अफगान पक्ष को भारी नुकसान हुआ है और कई चौकियों और उपकरणों को नष्ट कर दिया गया है।
पोस्ट में कहा गया है, ‘‘पाकिस्तान अपनी क्षेत्रीय अखंडता और अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठायेगा।’’
अफगानिस्तान की सेना ने रात में सैन्य वाहनों की आवाजाही और भारी गोलीबारी की आवाज का वीडियो फुटेज जारी किया है। वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकी है।
पाकिस्तान की सेना ने अफगानिस्तान सीमा के पास रविवार को हमले किए थे और दावा किया था कि इनमें कम से कम 70 आतंकवादी मारे गए। अफगानिस्तान ने उस दावे को खारिज किया और कहा कि इसमें कई आम नागरिक मारे गए हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
एपी
देवेंद्र सिम्मी
सिम्मी