मतदान के बाद केंद्रीय बलों की 700 कंपनियां बंगाल में ही रहेंगी: अधिकारी

मतदान के बाद केंद्रीय बलों की 700 कंपनियां बंगाल में ही रहेंगी: अधिकारी

मतदान के बाद केंद्रीय बलों की 700 कंपनियां बंगाल में ही रहेंगी: अधिकारी
Modified Date: April 29, 2026 / 06:44 pm IST
Published Date: April 29, 2026 6:44 pm IST

कोलकाता, 29 अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल में मतदान समाप्त होने के बाद भी केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) की लगभग 700 कंपनियां तैनात रहेंगी। निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय बलों की निरंतर उपस्थिति का उद्देश्य शांति बनाए रखना और यह सुनिश्चित करना है कि चुनाव के बाद की अवधि में कोई अप्रिय घटना न हो।

उन्होंने कहा, ‘‘निर्वाचन आयोग द्वारा 19 मार्च को जारी तैनाती योजना के अनुसार, मतदान समाप्त होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीएपीएफ की 700 कंपनियां अगले आदेश तक राज्य में तैनात रहेंगी।’’

अधिकारी ने कहा, ‘‘सुरक्षा बल संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात रहेंगे और राज्य प्रशासन को सामान्य स्थिति बनाए रखने में सहायता करेंगे।’’

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा था कि चुनाव के बाद केंद्रीय बल 60 दिनों तक बंगाल में रहेंगे।

अधिकारियों ने कहा कि तैनाती की अवधि और संख्या के बारे में आगे के निर्णय जमीनी आकलन और सुरक्षा एजेंसियों से प्राप्त जानकारी के आधार पर लिए जाएंगे।

पश्चिम बंगाल में बुधवार को दूसरे चरण में 142 सीटों के लिए मतदान हुआ, जबकि पहले चरण में 152 सीटों के लिए मतदान 23 अप्रैल को हुआ था। सभी 294 विधानसभा सीटों के लिए मतगणना चार मई को होगी।

भाषा आशीष नरेश

नरेश


लेखक के बारे में