ब्रिटिश काल की कार्यवाही के 89 खंड और ‘विधान चेतना’ पत्रिका का 28 मई को विमोचन
ब्रिटिश काल की कार्यवाही के 89 खंड और ‘विधान चेतना’ पत्रिका का 28 मई को विमोचन
नयी दिल्ली, 26 मई (भाषा) केंद्रीय विधानसभा की 1924 से 1930 के बीच की 407 बैठकों की कार्यवाही के संकलन वाले एक प्रकाशन और दिल्ली विधानसभा की पहली त्रैमासिक पत्रिका ‘विधान चेतना’ का इस सप्ताह के अंत में विमोचन किया जाएगा। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
दिल्ली विधान सभा सचिवालय द्वारा जारी बयान के अनुसार ब्रिटिश काल की केंद्रीय विधानसभा की कार्यवाही पर 89 खंडों का यह प्रकाशन और त्रैमासिक पत्रिका 28 मई को एक समारोह में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू की उपस्थिति में जारी किए जाएंगे।
बयान में कहा गया कि 30 जनवरी 1924 से 18 जुलाई 1930 तक केंद्रीय विधान सभा की सभी 407 बैठकों का व्यवस्थित संकलन और प्रकाशन भारत के संसदीय इतिहास के मूलभूत अभिलेखों को संरक्षित करने की दिशा में दिल्ली विधान सभा सचिवालय का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
दिल्ली विधान सभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के मार्गदर्शन में तैयार इस प्रकाशन में 32,376 पृष्ठों में केंद्रीय विधान सभा की संपूर्ण कार्यवाही एकत्रित की गई है।
मूलरूप में संरक्षित इन खंडों में उस काल की कई महत्वपूर्ण चर्चाएं दर्ज हैं और इनमें पंडित मदन मोहन मालवीय, पंडित मोतीलाल नेहरू, लाला लाजपत राय, बिपिन चंद्र पाल, माधव श्रीहरि अणे, घनश्यामदास बिड़ला और अन्य विभूतियों के हजारों भाषण शामिल हैं।
‘विधान चेतना’ के पहले अंक में संसदीय कार्यों के विशेषज्ञों, संवैधानिक विशेषज्ञों और विधायकों के लेखों के अलावा विधानसभा में आयोजित कार्यक्रमों की रिपोर्ट भी होगी।
भाषा
खारी पवनेश
पवनेश

Facebook


