पौड़ी में तेंदुए ने 60 वर्षीय व्यक्ति को अपना शिकार बनाया

Ads

पौड़ी में तेंदुए ने 60 वर्षीय व्यक्ति को अपना शिकार बनाया

  •  
  • Publish Date - May 16, 2026 / 01:07 AM IST,
    Updated On - May 16, 2026 / 01:07 AM IST

पौड़ी, 15 मई (भाषा) उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में शुक्रवार शाम एक तेंदुए ने हमला कर एक 60 वर्षीय व्यक्ति को मार डाला । अधिकारियों ने यह जानकारी दी ।

उन्होंने बताया कि घटना पौड़ी जिला मुख्यालय से 12 किलोमीटर दूर कमंद गांव में शाम साढ़े छह से सात बजे के बीच हुई जब मोहन उर्फ महेश चंद्र मालासी अपने जानवरों के लिए चारा लेने गांव के निकट के जंगलों में गया था।

उन्होंने बताया कि उसके काफी देर तक नहीं लौटने के बाद ग्रामीण और परिजन उसकी खोज में निकले जहां काफी देर तक तलाश करने के बाद झाड़ियां के बीच उसका क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ।

सूचना मिलने पर वन विभाग, पुलिस एवं राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंचीं ।

गढ़वाल वन विभाग की उपप्रभागीय वन अधिकारी (एसडीओ) आयशा बिष्ट ने ‘पीटीआई भाषा’ को बताया कि उन्हें घटना की सूचना रात नौ बजे मिली जिसके बाद वह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गयी।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पौड़ी थाने में कई बार फोन करने पर भी फोन नहीं उठाया गया । मौके पर पहुंचे उत्तराखंड क्रांति दल के स्थानीय नेताओं ने बताया कि जब तक जिलाधिकारी मौके पर नहीं पहुंचेगी, तब तक शव को उठाने नहीं दिया जाएगा ।

वन विभाग की टीम के भी देरी से पहुंचने पर ग्रामीणों ने नाराजगी व्यक्त की ।

क्षेत्र में हाल के दिनों की यह सातवीं घटना है जहां तेंदुए ने किसी व्यक्ति को अपना निवाला बनाया है ।

घटना की सूचना मिलने पर पौड़ी के विधायक राजकुमार पोरी भी मौके पर पहुंचे

भाषा सं दीप्ति राजकुमार

राजकुमार