निर्मला सीतारमण के डीपफेक वीडियो का इस्तेमाल करके बेलगावी के एक व्यक्ति से 7.9 लाख रुपये ठग लिये गये
निर्मला सीतारमण के डीपफेक वीडियो का इस्तेमाल करके बेलगावी के एक व्यक्ति से 7.9 लाख रुपये ठग लिये गये
बेलगावी, छह मई (भाषा) कर्नाटक के बेलगावी में निवेशकों को लुभाने के लिए केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के नाम का दुरुपयोग करते हुए एआई से डीपफेक वीडियो बनाकर 76 वर्षीय व्यक्ति से 7.9 लाख रुपये ठगी लिये जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि एक मई को साइबर अपराध थाने में ऑनलाइन धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था।
बेलगावी के पुलिस आयुक्त भूषण गुलाबराव बोरासे के अनुसार, पीड़ित प्रकाश गुब्बी, ने अपनी शिकायत में कहा कि पिछले साल नवंबर में, उन्होंने यूट्यूब पर एक वीडियो देखा जिसमें वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एक निवेश योजना का समर्थन करती हुई दिखाई दे रही थीं।
वीडियो के विवरण में निवेश करने के लिए एक लिंक का भी उल्लेख किया गया था।
अधिकारी ने पत्रकारों को बताया कि पीड़ित ने लिंक पर क्लिक किया, अपनी जानकारी दर्ज की और बाद में आदर्श आनंद नामक एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर उससे संपर्क किया, जिसने उसे निवेश करने के लिए राजी किया।
शिकायत का हवाला देते हुए अधिकारी ने कहा कि पीड़ित ने शुरू में थोड़ी सी राशि का निवेश किया था, जिसके बाद एप्लिकेशन में 65,000 अमेरिकी डॉलर का मुनाफा दिखने लगा।
जब उसने रकम निकालने की कोशिश की, तो आरोपी ने 4.2 लाख रुपये के ‘सीमा शुल्क’ भुगतान की मांग की और दावा किया कि निकासी की प्रक्रिया के लिए यह आवश्यक था।
पीड़ित ने यह रकम चुका दी, जिसके बाद उससे दो लाख रुपये और मांगे गए। इसी समय उसे एहसास हुआ कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है।
अधिकारी ने बताया कि कुल मिलाकर उसे इस धोखाधड़ी में करीब 7.9 लाख रुपये का नुकसान हुआ।
पुलिस ने बताया कि सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भाषा तान्या राजकुमार
राजकुमार

Facebook


