कुपवाड़ा में 5.57 करोड़ रुपये के अनाज घोटाले के सिलसिले में 14 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
कुपवाड़ा में 5.57 करोड़ रुपये के अनाज घोटाले के सिलसिले में 14 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
श्रीनगर, छह जुलाई (भाषा) जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में 5.57 करोड़ रुपये के अनाज की कथित चोरी और हेराफेरी के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सोमवार को पांच अधिकारियों और नौ उचित मूल्य दुकानदारों के खिलाफ मामला दर्ज किया।
एसीबी के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने कुपवाड़ा के करनाह इलाके में बड़े पैमाने पर सरकारी अनाज की चोरी और हेराफेरी में शामिल होने के आरोप में खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामलों के विभाग के पांच अधिकारियों और नौ उचित मूल्य दुकानदारों के खिलाफ एसीबी बारामूला थाने में प्राथमिकी दर्ज की है।’’
प्रवक्ता के मुताबिक, यह मामला कश्मीर के खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामलों के विभाग के निदेशक की ओर से एसीबी को भेजे गए एक पत्र पर आधारित है, जिसमें विभागीय जांच और भौतिक सत्यापन में सरकारी अनाज की मात्रा में भारी कमी की बात सामने आने के बाद अधिकारियों और उचित मूल्य दुकानदारों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की मांग की गई है।
प्रवक्ता ने बताया कि सरकारी बिक्री केंद्रों और उचित मूल्य की दुकानों पर की गई संयुक्त औचक जांच में करनाह स्थित लौंथा गोदाम में 417.59 टन चावल की कमी पाई गई।
उन्होंने कहा, ‘‘विभागीय उप-समिति के व्यापक भौतिक सत्यापन और एसीबी की विस्तृत जांच में कुपवाड़ा जिले के तंगधार, करनाह-ए और करनाह-बी क्षेत्र के तहत आने वाले विभिन्न बिक्री केंद्रों और उचित मूल्य की दुकानों पर अनाज की मात्रा में भारी कमी पाई गई। सरकारी कर्मचारियों और निजी लाभार्थियों की मिलीभगत से रची गई एक सुनियोजित आपराधिक साजिश के कारण सरकारी खजाने को 5.57 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।’’
भाषा पारुल नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


