टीएमसी नेता शोभनदेब के घर के बाहर जमा हुई भीड़. पुलिस को करना पड़ा हस्तक्षेप
टीएमसी नेता शोभनदेब के घर के बाहर जमा हुई भीड़. पुलिस को करना पड़ा हस्तक्षेप
कोलकाता, छह मई (भाषा) दक्षिण कोलकाता के भवानीपुर इलाके में मंगलवार आधी रात के बाद टीएमसी के निर्वाचित विधायक और पार्टी के वरिष्ठ नेता शोभनदेब चट्टोपाध्याय के घर के बाहर भीड़ जमा हो गई जिससे तनाव फैल गया। हालांकि पुलिस के हस्तक्षेप के बाद भीड़ तितर-बितर हो गई।
निवर्तमान ममता बनर्जी कैबिनेट में वरिष्ठ मंत्री चट्टोपाध्याय ने बुधवार को बताया कि रात करीब 12 बजे रुपनारायण नंदन लेन पर स्थित उनके आवास के बाहर कुछ लोगों ने हंगामा किया।
उन्होंने कहा, “कुछ असामाजिक तत्व मेरे घर के बाहर इकट्ठा होकर नारेबाजी कर रहे थे। सुरक्षा कर्मियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस पहुंची और उपद्रवी भाग गए।”
चट्टोपाध्याय ने हमलावरों को “गुंडे” बताया और उन्हें किसी राजनीतिक दल से जोड़ने से इनकार किया।
इस घटना को लेकर कोई औपचारिक प्राथमिकी दर्ज की गई है या नहीं, इस बारे में न तो चट्टोपाध्याय और न ही कोलकाता पुलिस ने कुछ स्पष्ट किया।
चार मई को मतगणना के बाद राज्य के कई हिस्सों में छिटपुट हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं।
टॉलीगंज के बिजॉयगढ़-नेताजीनगर इलाके में टीएमसी नेता और पूर्व मंत्री अरुप बिस्वास के चुनाव कार्यालय में तोड़फोड़ की गई।
कस्बा इलाके के रूबी क्रॉसिंग पर टीएमसी पार्षद सुशांत घोष के कार्यालय में भी तोड़फोड़ की गई। पानीहाटी विधानसभा क्षेत्र में भी कुछ युवाओं के समूहों ने सत्तारूढ़ पार्टी के कई कार्यालयों पर कब्जा कर लिया और ममता बनर्जी व अभिषेक बनर्जी के पोस्टर और होर्डिंग्स फाड़ दिए।
टीएमसी ने आरोप लगाया कि मुर्शिदाबाद में उसके पार्टी कार्यालय पर हमले हुए। पार्टी ने कहा, “तोड़फोड़ और अराजकता ही भाजपा का असली चेहरा है।”
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को हिंसा में भाजपा और टीएमसी के एक-एक कार्यकर्ता की अलग-अलग घटनाओं में मौत हो गई।
न्यू टाउन इलाके में विजय जुलूस के दौरान कथित तौर पर टीएमसी कार्यकर्ताओं द्वारा पिटाई किए जाने के बाद भाजपा कार्यकर्ता मधु मंडल की मौत हो गई, जबकि टीएमसी कार्यकर्ता अबीर शेख की बीरभूम के नानूर में कथित तौर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने हत्या कर दी।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा, “चुनाव के बाद हुई हिंसा किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर हमारी पार्टी का कोई भी व्यक्ति इसमें शामिल पाया गया, तो उसे पार्टी से निकाल दिया जाएगा।”
उन्होंने मुख्य सचिव दुष्यंत नरियाला से अपील की कि जहां भी हिंसा की घटनाएं सामने आएं, वहां तुरंत प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
भाषा जोहेब नरेश
नरेश

Facebook


