नैनीताल के मोरा गांव में तेंदुआ पिंजरे में कैद
नैनीताल के मोरा गांव में तेंदुआ पिंजरे में कैद
नैनीताल, 28 अप्रैल (भाषा) उत्तराखंड में नैनीताल जिले के मोरा गांव में वन विभाग ने छह वर्षीय नर तेंदुए को पिंजरे में कैद कर लिया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
सोमवार रात को तेंदुए के पिंजरे में कैद किए जाने के बाद भीमताल के ग्रामीण इलाकों में लोगों ने राहत की सांस ली है जहां हाल में वन्यजीव हमलों की कई घटनाएं सामने आयी थीं।
तेंदुए की बढ़ती गतिविधियों की खबरें मिलने के बाद वन अधिकारियों ने संवेदनशील ग्रामीण क्षेत्रों में पिंजरे लगाए थे।
अधिकारियों के मुताबिक, तेंदुए के पिंजरे में फंसने के बाद वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और उसके बाद उसे सुरक्षित रूप से अपने कब्जे में लिया ।
हाल ही में निकटवर्ती भाद्युनी गांव में कमल बिष्ट और हेमा पांडे नाम के दो ग्रामीणों पर जंगली जानवर ने हमला कर उन्हें मार डाला था जिसके बाद इलाके में दहशत फैल गयी थी। ग्रामीणों ने वन्यजीव के बढ़ते खतरे के मद्देनजर वन विभाग से तत्काल कदम उठाने की मांग की थी ।
तेंदुए के पिंजरे में कैद होने से फौरी तौर पर राहत महसूस की जा रही है लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं है कि क्या यही तेंदुआ हमले के लिए जिम्मेदार है।
वन विभाग ने स्थानीय निवासियों को सतर्क रहने और खासतौर से रात के समय अनावश्यक रूप से बाहर न जाने की सलाह दी है।
भाषा सं दीप्ति शोभना
शोभना

Facebook


