झारखंड के हजारीबाग में अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या की

झारखंड के हजारीबाग में अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या की

झारखंड के हजारीबाग में अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या की
Modified Date: June 9, 2026 / 02:59 pm IST
Published Date: June 9, 2026 2:59 pm IST

हजारीबाग, नौ जून (भाषा) झारखंड के हजारीबाग जिले में मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना सोमवार रात करीब 11 बजे बरही थाना क्षेत्र के करसो पुल के पास उस वक्त हुई जब पीड़ित कार से कोडरमा रेलवे स्टेशन जा रहा था।

पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान सदर थाना क्षेत्र के ओकनी कॉलोनी निवासी विक्की सोनी (30) के रूप में हुई है।

बरही के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) राधा प्रेम किशोर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘विक्की अपने एक दोस्त के साथ कार से कोडरमा रेलवे स्टेशन जा रहा था, लेकिन करसो पुल के पास कार पंक्चर हो गई। उन्होंने कार वहीं रोक दी। तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे और विक्की को निशाना बनाकर गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे उसकी (विक्की की) गर्दन में गोली लग गयी। इस घटना में विक्की की मौत हो गई।’’

किशोर ने कहा कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित को बरही अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सोनी बर्तनों और आभूषणों की एक दुकान चलाता था।

पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। इस सिलसिले में अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। एसडीपीओ ने कहा कि अपराधियों को पकड़ने के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।

बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच से संकेत मिलता है कि पीड़ित की हत्या पारिवारिक विवाद के कारण की गई है।

भाषा सं. सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में