पीडब्ल्यूडी का एक अभियंता और दो ठेकेदारों रिश्वत लेने-देने के आरोप में गिरफ्तार
पीडब्ल्यूडी का एक अभियंता और दो ठेकेदारों रिश्वत लेने-देने के आरोप में गिरफ्तार
जयपुर, पांच मई (भाषा) भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को भीलवाड़ा में सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के एक अभियंता और दो ठेकेदारों को रिश्वत लेने-देने के आरोप में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, शाहपुरा में तैनात कार्यकारी अभियंता शहजाद मोहम्मद को ठेकेदार मोदूराम धाकड़ और बनवारी लाल के साथ भीलवाड़ा कलेक्ट्रेट में कार्रवाई के दौरान पकड़ा गया। उन्होंने बताया कि अभियंता के पास से 4.04 लाख रुपये नकद बरामद किए गए, जो कथित रूप से ठेकेदारों से लिए गए थे।
एसीबी महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि विभाग में भ्रष्टाचार की शिकायत मिलने के बाद निगरानी रखी गई थी, जिसमें सामने आया कि अभियंता कार्यों के बदले ठेकेदारों से धन वसूल रहा था।
उन्होंने कहा कि अभियंता कथित तौर पर अपने साथ एक वरिष्ठ अधिकारी के लिए भी राशि ले रहा था।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के ठिकानों पर तलाशी जारी है। एसीबी ने इस संबंध में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भाषा बाकोलिया रंजन
रंजन

Facebook


