दून में एमएस कर रही एक महिला चिकित्सक ने खुदकुशी की, अस्पताल की विभागाध्यक्ष पर मुकदमा दर्ज
दून में एमएस कर रही एक महिला चिकित्सक ने खुदकुशी की, अस्पताल की विभागाध्यक्ष पर मुकदमा दर्ज
देहरादून (उत्तराखंड), 26 मार्च (भाषा) देहरादून के पटेल नगर क्षेत्र में एक निजी मेडिकल कॉलेज में ‘मास्टर ऑफ सर्जरी’ (एमएस) कर रही एक महिला चिकित्सक ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी ।
पुलिस ने बताया कि श्री गुरु राम राय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विज्ञान संस्थान में नेत्र चिकित्सा में एमएस कर रहीं 25 वर्षीय डॉ तन्वी को उनके पिता डॉ ललित मोहन ने बुधवार तड़के कॉलेज के पास कारगी रोड पर खड़ी उनकी कार में बेहोश पाया जिसके बाद वह उन्हें अस्पताल ले गए और वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया ।
पुलिस के अनुसार मंगलवार रात डॉ तन्वी ने एक संदेश भेजकर अपनी मां को बताया था कि वह अस्पताल से रात साढ़े 12 बजे तक घर पहुंचेगीं लेकिन जब काफी देर तक वह घर न पहुंचीं और न ही उन्होंने फोन उठाया, तब मां ने अंबाला में रहने वाले उनके पिता को सूचना दी।
पुलिस ने बताया कि डॉ तन्वी के पिता रात में ही कार से यहां पहुंचे और उनकी मां के साथ उन्हें ढूंढने निकल पड़े । रास्ते में उन्हें तन्वी की कार दिखी जिसमें वह बेहोश नजर आयीं ।
पुलिस के मुताबिक, तन्वी के हाथ में ‘कैनुला’ लगा हुआ था और इंजेक्शन की कुछ शीशियां पड़ी थीं ।
पुलिस का कहना है कि किसी तरह उनके पिता ने पत्थर मार कर कार का शीशा तोड़ा और उन्हें बाहर निकाल कर अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया ।
तन्वी के पिता ने आरोप लगाया है कि नेत्र रोग विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ प्रियंका गुप्ता उनका मानसिक उत्पीड़न कर रही थीं जिसके कारण उनकी बेटी को ऐसा कदम उठाने पर मजबूर होना पड़ा ।
पुलिस ने बताया कि डॉ तन्वी के पिता की शिकायत पर डॉ गुप्ता के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गयी है।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि डॉ तन्वी काफी समय से अवसाद में थीं और इसी वजह से उनकी मां अंबाला से यहां आकर उनके साथ रह रही थीं ।
भाषा दीप्ति राजकुमार
राजकुमार

Facebook


