पंजाब की रोजगार स्थिति पर ‘आप’ सरकार को श्वेत पत्र जारी करना चाहिए: चीमा

पंजाब की रोजगार स्थिति पर ‘आप’ सरकार को श्वेत पत्र जारी करना चाहिए: चीमा

पंजाब की रोजगार स्थिति पर ‘आप’ सरकार को श्वेत पत्र जारी करना चाहिए: चीमा
Modified Date: August 9, 2026 / 10:56 pm IST
Published Date: August 9, 2026 10:56 pm IST

चंडीगढ़, नौ अगस्त (भाषा) शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के नेता दलजीत सिंह चीमा ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर निशाना साधते हुए रविवार को आरोप लगाया कि भगवंत मान के शासन में राज्य रोजगार और सेवाओं से जुड़े गंभीर संकट का सामना कर रहा है।

चीमा ने ‘आप’ सरकार से पंजाब में रोजगार और भर्ती की स्थिति पर एक श्वेत पत्र जारी करने की मांग की। उन्होंने दावा किया कि ‘‘जो लोग पहले से सरकारी सेवा में हैं, वे अपने उचित अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं, जबकि बेरोजगार युवा एक निष्पक्ष, पारदर्शी और भरोसेमंद भर्ती व्यवस्था का इंतजार कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि नियमित सरकारी कर्मचारी पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) को बहाल करने, लंबित महंगाई भत्ते (डीए) का भुगतान करने और अन्य वैध सेवा लाभों की मांग कर रहे हैं।

उन्होंने यहां एक बयान में कहा, ‘‘सरकार इन मुद्दों को लगातार टालती नहीं रह सकती और न ही इनके समाधान के लिए स्पष्ट और समयबद्ध रूपरेखा घोषित किए बिना केवल आश्वासन देती रह सकती है।’’

उन्होंने मांग की कि ‘आप’ सरकार पंजाब में रोजगार और भर्ती की स्थिति पर तत्काल एक व्यापक श्वेत पत्र जारी करे।

चीमा ने कहा, ‘‘पंजाब के युवाओं को नौकरियों की जरूरत है, सरकारी कर्मचारियों को न्याय की जरूरत है और सभी वर्गों को खोखले आश्वासन के बजाय स्पष्ट जवाब और समयबद्ध कार्रवाई चाहिए।’’

भाषा देवेंद्र अमित

अमित


लेखक के बारे में