ओमान तट के पास जहाज पर मिसाइल हमले में घायल उप्र के नाविक की मौत: सोनोवाल
ओमान तट के पास जहाज पर मिसाइल हमले में घायल उप्र के नाविक की मौत: सोनोवाल
नयी दिल्ली, 23 सितंबर (भाषा) पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बुधवार को कहा कि ओमान तट के पास एंटीगुआ एवं बारबुडा के ध्वज वाले एक मालवाहक पोत पर हुए मिसाइल हमले में उत्तर प्रदेश निवासी एक भारतीय नाविक की सिर में गंभीर चोट लगने के कारण मौत हो गई।
सोनोवाल ने कहा कि ‘एमवी केप डाओ’ नामक इस पोत पर 20 भारतीय नाविक सवार थे। शेष 19 नाविकों को ओमान की ‘रॉयल नेवी’ ने सुरक्षित निकाल लिया है और वे फिलहाल तट पर हैं।
उन्होंने कहा कि समुद्री अधिकारियों को ओमान के अधिकारियों और पोत का प्रबंधन करने वाली कंपनी के साथ समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया गया है, ताकि बाकी नाविकों की जल्द और सुरक्षित स्वदेश वापसी सुनिश्चित की जा सके।
केंद्रीय मंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ओमान तट के पास एमवी केप डाओ (एंटीगुआ और बारबुडा के ध्वज वाला मालवाहक पोत) पर हुए मिसाइल हमले में सिर में चोट लगने से मारे गए उत्तर प्रदेश के युवा नाविक वाइपर सूरज यादव के परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं। दुख की इस घड़ी में पूरा देश उनके परिवार के साथ है।’’
मंत्री ने कहा कि सरकार सूरज यादव का शव पूरे सम्मान के साथ उनके घर लाना और उनके परिजनों को हर संभव सहायता मुहैया कराना सुनिश्चित करेगी।
इससे पहले ओमान स्थित भारतीय दूतावास ने कहा कि भारत की ओर जा रहे मालवाहक पोत ‘एमवी केप डाओ’ पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई।
दूतावास ने कहा वह मामले पर करीबी नजर रख रहा है और 19 भारतीय नागरिक सहित पोत पर सवार सभी नाविकों की सुरक्षा को लेकर ओमान के अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है।
भाषा खारी वैभव
वैभव

Facebook


