दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन के दौरान ‘आप’ नेता भारद्वाज, जरनैल सिंह हिरासत में, रिहा

दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन के दौरान ‘आप’ नेता भारद्वाज, जरनैल सिंह हिरासत में, रिहा

दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन के दौरान ‘आप’ नेता भारद्वाज, जरनैल सिंह हिरासत में, रिहा
Modified Date: September 29, 2026 / 10:32 pm IST
Published Date: September 29, 2026 10:32 pm IST

नयी दिल्ली, 29 सितंबर (भाषा) दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग को लेकर मंगलवार को पुलिस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी (आप) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज और विधायक जरनैल सिंह को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

हालांकि पुलिस ने भारद्वाज समेत अन्य ‘आप’ कार्यकर्ताओं को बाद में रिहा कर दिया।

दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री वर्मा ने तिलक नगर विधानसभा क्षेत्र में सड़क निरीक्षण के दौरान रविवार को एक युवक को कथित रूप से थप्पड़ मार दिया जिससे राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। दिल्ली पुलिस ने वर्मा के खिलाफ असंज्ञेय रिपोर्ट दर्ज की है।

भारद्वाज ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘यह सिर्फ वर्मा द्वारा 22 वर्षीय युवक को थप्पड़ मारने को लेकर नहीं है, यह राजनीति की इस नई संस्कृति को लेकर है। अपने आसपास देखें और अपनी कॉलोनी में स्थानीय गुंडों, उन लोगों की पहचान करें जो निवासियों को गाली दे रहे हैं और डरा-धमका रहे हैं।’

उन्होंने कहा कि पुलिस और सरकार को न्याय सुनिश्चित करना चाहिए। यदि सरकार जानबूझकर नागरिकों के साथ अन्याय करती है, तो वे शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपने अधिकारों की मांग करने के लिए सड़कों पर उतरेंगे।

दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि ‘आप’ विधायक जरनैल सिंह द्वारा कथित रूप से रचित इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा, विधायक जरनैल सिंह और अन्य के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं।

कपूर ने कहा, ‘इस कानूनी कार्रवाई के बावजूद, आप नेता सौरभ भारद्वाज का लगातार विरोध प्रदर्शन निंदनीय है और यह दिल्ली के राजनीतिक माहौल को खराब करने का प्रयास है।’

आप के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने आरोप लगाया कि पुलिस ने सोमवार को ‘आप’ कार्यकर्ताओं और सादे कपड़ों में मौजूद एक पुलिसकर्मी के बीच कथित झड़प को लेकर मामला दर्ज कर थप्पड़ मारने की घटना से ध्यान भटकाने की कोशिश की है।

पुलिस ने मंगलवार को ‘आप’ नेता भारद्वाज, विधायक जरनैल सिंह और पार्टी के कई कार्यकर्ताओं पर दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल पर कथित तौर पर हमला करने और उसके सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में मामला दर्ज किया।

यह घटना कथित तौर पर सोमवार को हुई जब आम आदमी पार्टी (आप) के नेता दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ तिलक नगर इलाके में दौरे के लिए गए थे।

सादे कपड़े पहने हेड कांस्टेबल इलाके में वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था, तभी ‘आप’ समर्थकों की भीड़ ने कथित तौर पर उसे घेर लिया और उसके साथ मारपीट की।

घटना के बाद हेड कांस्टेबल को मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया।

आप नेता आतिशी ने पार्टी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि युवक को थप्पड़ मारने वाले व्यक्ति के खिलाफ कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई, जबकि घटना के खिलाफ आवाज उठाने वालों के खिलाफ मामले दर्ज किए जा रहे हैं।

घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए भारद्वाज ने आरोप लगाया कि सोमवार को थाने तक मार्च के दौरान कुछ लोगों ने आप के मोर्चे में घुसपैठ की और पार्टी कार्यकर्ताओं पर हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि दंगा जैसी स्थिति पैदा करने के लिए पुलिस ने इन लोगों को भेजा था। उन्होंने दिल्ली पुलिस आयुक्त से स्पष्टीकरण की मांग की।

आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने आरोप लगाया कि जरनैल सिंह, भारद्वाज और घटना में शामिल युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है, जबकि वर्मा के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई।

भाषा नोमान नोमान पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में