आप दिल्ली में ई20 पेट्रोल के खिलाफ़ कार्यक्रम करेगी
आप दिल्ली में ई20 पेट्रोल के खिलाफ़ कार्यक्रम करेगी
नयी दिल्ली, 27 जुलाई (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को घोषणा की कि ई20 पेट्रोल के विरोध में एक अगस्त को यहां ‘कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया’ में ‘नेशनल टाउन हॉल अगेंस्ट ई20’ का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘‘हम लोगों को इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं। हम इस बात पर चर्चा करेंगे कि ई20 पेट्रोल को वापस लेने के लिए केंद्र सरकार पर कैसे दबाव बनाया जाए। इसमें विशेषज्ञ और वे लोग भी आमंत्रित हैं, जिन्हें अपनी गाड़ियों को लेकर समस्याओं का सामना करना पड़ा है।’’
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘आप’ ने पहले ‘ई20 ईंधन’ को वैकल्पिक बनाने के लिए एक ऑनलाइन याचिका शुरू की थी, जिस पर लगभग दो लाख लोगों ने हस्ताक्षर किए हैं।
केजरीवाल ने कहा, ‘‘अगले हफ्ते, मैं इस ऑनलाइन याचिका के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आवास पर जाऊंगा। लेकिन यह इस बैठक के बाद होगा।’’
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में डिजिटल माध्यम से शामिल होने के इच्छुक लोग पार्टी के अधिकृत मोबाइल नंबर पर संदेश भेज सकते हैं और उन्हें इसमें शामिल होने के लिए एक ‘ऑनलाइन लिंक’ भेजा जाएगा।
इस महीने की शुरुआत में केजरीवाल ने प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर ई20 ईंधन से जुड़ी चिंताओं पर चर्चा करने के लिए मुलाकात का समय मांगा था और एथनॉल-मिश्रित पेट्रोल की कीमतें घटाने की मांग की थी।
इस बीच, केजरीवाल ने पंजाब में प्रश्नपत्र लीक होने से इनकार किया और आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आम आदमी पार्टी सरकार के कार्यकाल में शिक्षा रैंकिंग में पंजाब के 27वें स्थान से पहले स्थान पर पहुंचने की उपलब्धि को बदनाम करने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में ‘आप’ सरकार के 10 वर्षों और पंजाब में पांच वर्षों के शासन के दौरान एक भी प्रश्नपत्र लीक नहीं हुआ, जबकि भाजपा शासित राज्यों में यह बार-बार होने वाली घटना रही है।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार के खिलाफ कोई ठोस मुद्दा नहीं होने के कारण भाजपा झूठ का सहारा ले रही है।
इस आरोप पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि पंजाब में कोई प्रश्नपत्र लीक नहीं होने का केजरीवाल का दावा “बेशर्मी की पराकाष्ठा” है।
उन्होंने दावा किया कि पिछले 15 दिनों से पूरे देश में पंजाब में फार्मासिस्ट भर्ती परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों की चर्चा है और इससे पहले भी दो बार प्रश्नपत्र लीक हो चुके हैं।
मल्होत्रा ने कहा कि पंजाब में मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे छात्रों पर पुलिस के लाठीचार्ज के वीडियो भी सामने आए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया, “पंजाब के छात्र लगातार राज्य के शिक्षा मंत्री सरदार हरजोत सिंह बैंस के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं लेकिन दिल्ली में छात्र आंदोलन को भड़काने की कोशिश करने वाले केजरीवाल अपने ही मंत्री के इस्तीफे की मांग पर चुप्पी साधे हुए हैं।”
भाषा
राखी नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


