तुर्कमान गेट हिंसा मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार
तुर्कमान गेट हिंसा मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 27 जून (भाषा) दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में एक मस्जिद के पास अतिक्रमण हटाने के दौरान हुई हिंसा के मामले में अदालत द्वारा ‘‘भगोड़ा अपराधी’’ घोषित एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की पहचान साजिद इकबाल (58) के रूप में हुई है, जो तुर्कमान गेट का निवासी है और लंबे समय से गिरफ्तारी और न्यायिक कार्यवाही से बच रहा था।
पुलिस को विशेष सूचना मिली थी कि साजिद चांदनी महल इलाके में मौजूद है। इसके बाद पुलिस टीम ने जाल बिछाकर उसे शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया।
अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय अदालत ने 30 मई को उसे इस मामले में भगोड़ा अपराधी घोषित किया था।
यह मामला इस वर्ष जनवरी में रामलीला मैदान क्षेत्र स्थित फ़ैज़-ए-इलाही मस्जिद के पास अतिक्रमण हटाने के अभियान के दौरान भड़की हिंसा से जुड़ा है। उस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने पुलिस पर पथराव किया था, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।
पुलिस के अनुसार, हिंसा की वजह सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट थी, जिनमें दावा किया गया था कि तुर्कमान गेट के सामने स्थित मस्जिद को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान तोड़ा जा रहा है।
साजिद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान से बचाव अधिनियम के तहत मामला दर्ज है।
गिरफ्तारी के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
भाषा शोभना अविनाश
अविनाश

Facebook


