पुलिसकर्मी की हत्या का फरार आरोपी 28 साल बाद मध्य प्रदेश से गिरफ्तार
पुलिसकर्मी की हत्या का फरार आरोपी 28 साल बाद मध्य प्रदेश से गिरफ्तार
नयी दिल्ली, छह अगस्त (भाषा) दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने हरियाणा पुलिस के एक कर्मी की हत्या और पुलिस हिरासत से भागने के मामले में 28 साल से फरार एक आरोपी को मध्य प्रदेश के अशोक नगर जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान 53 वर्षीय राजेंद्र बैरागी उर्फ राजेंद्र सिंह यादव उर्फ ‘डॉक्टर झटका’ के रूप में हुई है, जिसे रोहिणी अदालत ने 2008 में भगोड़ा घोषित किया था। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में हत्या, हत्या के प्रयास और शस्त्र कानून के तहत आठ मामले दर्ज हैं।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी 10 मई 1998 को सोनीपत के सैयां खेड़ा गांव में एक शादी समारोह के दौरान झगड़े के बाद हुई गोलीबारी में शामिल था।
उन्होंने बताया कि इस घटना में दुल्हन के चाचा एवं हरियाणा पुलिस के कर्मी जय भगवान की मौत हो गई थी और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हो गया था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को 1998 में गिरफ्तार किया गया था, लेकिन 14 फरवरी 1999 को गाजियाबाद जेल से सोनीपत की एक अदालत ले जाते समय वह हथकड़ी सहित उत्तर प्रदेश पुलिस की हिरासत से फरार हो गया था।
पुलिस के मुताबिक, हिरासत से भागने के बाद आरोपी ने महाराष्ट्र के कोलाबा में एक साल तक केंद्रीय विद्यालय में शारीरिक शिक्षा के शिक्षक के रूप में काम किया और इसके बाद वह मध्य प्रदेश में अशोक नगर जिले के मुंगावली में बस गया और अपना नाम बदलकर ‘राजेंद्र सिंह यादव’ रख लिया।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने 2003 में विवाह किया और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर ‘आधार’ कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और पैन कार्ड सहित स्थानीय पहचान पत्र हासिल कर लिए।
उनके मुताबिक, वह मुंगावली में अनधिकृत डॉक्टर और प्रॉपर्टी डीलर के रूप में काम कर रहा था।
पुलिस ने बताया कि डिजिटल निगरानी और खुफिया जानकारी के आधार पर एक अभियान चलाकर आरोपी को मुंगावली से गिरफ्तार किया गया।
अधिकारी के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ बताया कि वह कबड्डी खिलाड़ी था और कबड्डी खेलने के दौरान उसका संपर्क आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों से हुआ और वह आपराधिक गतिविधियों में लिप्त हो गया।
पुलिस ने बताया कि उसकी पत्नी मध्य प्रदेश में एक सरकारी अस्पताल में सहायक नर्स के रूप में कार्यरत है और उसके 17 व 16 साल के दो बच्चे हैं।
भाषा नोमान
नोमान प्रशांत
प्रशांत

Facebook


