मोहाली में महिला की हत्या करने वाला आरोपी बयान देने की स्थिति में नहीं है: पंजाब पुलिस

मोहाली में महिला की हत्या करने वाला आरोपी बयान देने की स्थिति में नहीं है: पंजाब पुलिस

मोहाली में महिला की हत्या करने वाला आरोपी बयान देने की स्थिति में नहीं है: पंजाब पुलिस
Modified Date: June 6, 2026 / 06:19 pm IST
Published Date: June 6, 2026 6:19 pm IST

मोहाली, छह जून (भाषा) पंजाब के मोहाली में एक निजी कंपनी के कार्यालय में 29-वर्षीय एक महिला को कथित रूप से चाकू घोंपकर मार डालने के उपरांत आरोपी व्यक्ति द्वारा आत्महत्या की कोशिश किये जाने के दो दिन बाद शनिवार को पुलिस ने कहा कि वह (व्यक्ति) बयान देने की स्थिति में नहीं है।

मोहाली फेज 11 के थाना प्रभारी अमन बैदवान ने कहा, ‘‘आरोपी ने हत्या करने के बाद बाद चाकू से वार कर खुद को घायल कर लिया था। उसे यहां अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों द्वारा उसे बयान देने के लिए फिट घोषित किए जाने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी।’’

उन्होंने कहा कि आरोपी हरजिंदर मान (34) के पास दो चाकू थे जो अपराध स्थल पर बरामद किये गये।

मोहाली में बृहस्पतिवार शाम एक निजी कंपनी के कार्यालय के अंदर 29-वर्षीय डिंपल की उसके सहकर्मी मान ने कथित तौर पर चाकू घोंपकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, डिंपल को कई बार चाकू घोंपने के बाद मान ने खुद पर वार कर अपनी जान देने की कोशिश की।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया था कि दोनों को अस्पताल ले जाया गया जहां डिंपल को मृत घोषित कर दिया गया।

बताया जाता है कि डिंपल ने मान का प्रेम प्रस्ताव ठुकरा दिया था।

मान अस्पताल में भर्ती है और उसपर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। उसके माता-पिता अमेरिका में रहते हैं।

हमले का कथित सीसीटीवी फुटेज इंटरनेट पर सामने आया है, जिसमें आरोपी डिंपल के पीछे से आकर उस पर हमला करते दिख रहा है।

पुलिस का कहना है कि घटना के समय शिफ्ट बदल रही थी और उस समय वहां केवल दो-तीन लोग ही थे, जिसका आरोपी ने फायदा उठाया।

पटियाला में डिंपल के परिवार ने पत्रकारों से कहा कि वह इस घटना से स्तब्ध है और उसे कोई अंदाजा नहीं है कि मान कौन है और वह उसकी बेटी की हत्या करने की हद तक क्यों गया।

डिंपल के दादा बलवंत राय ने शुक्रवार को पटियाला में पत्रकारों को बताया कि उसकी (डिंपल की) शादी की बातचीत चल रही थी और परिवार उसके लिए एक उपयुक्त वर की तलाश कर रहा था, इसलिए वह शुक्रवार को ही अपनी नौकरी से इस्तीफा देने वाली थी।

मान और डिंपल दोनों पटियाला के निवासी हैं। दोनों एक ही कार्यालय में काम करते थे और चंडीगढ़ के बाहरी इलाके मोहाली में अलग-अलग किराये के मकान में रहते थे।

पुलिस ने बताया कि दोनों मोहाली के बेस्टेक मॉल के पास ब्रोकरेज सेवा देने वाली एक कंपनी में लगभग तीन साल से साथ काम कर रहे थे।

पुलिस ने कहा कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, डिंपल और मान ‘अच्छे दोस्त’ थे, लेकिन कुछ महीने पहले उनके बीच संबंध खराब हो गए थे।

एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि मान ने डिंपल से दोबारा संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन डिंपल ने सुलह के उसके प्रयासों को ठुकरा दिया और मान इसे सहन नहीं कर सका।

उनके अनुसार, जांच में यह भी पता चला है कि मान का एक अन्य महिला के साथ रिश्ता था और वह भी उसे छोड़कर चली गयी थी, जिसके बाद वह अवसाद में आ गया। इसी दौरान उसका संपर्क डिंपल से हुआ।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया और उसके बाद शुक्रवार शाम पटियाला में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।

भाषा

राजकुमार सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में